पिछले दो सीजन में हुए सनराइजर्स हैदराबाद के मेकओवर को देखा जाए तो आप भी इत्तेफाक रखेंगे कि इस टीम की ओपनिंग जोड़ी सबसे खतरनाक है। ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की जोड़ी पहले ही गदर काट रही थी, ऊपर से ईशान किशन की एंट्री ने इसे और भी मारक बना दिया। इस टीम की बल्लेबाजी को देखकर ऐसा लगता है कि यह आसानी से 250 का स्कोर बना सकती है, लेकिन ठहरिए जितना भरोसा आपको इनकी बैटिंग लाइनअप पर है शायद बॉलिंग इस टीम की कमजोरी है।
आकाश चोपड़ा ने उठाए सवाल
पूर्व भारतीय बल्लेबाज और कॉमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने सनराइजर्स हैदराबाद की गेंदबाजी को सबसे कमजोर करार दिया है। उनका मानना है कि अगर ये टीम 250 रन बना सकती है तो इसकी गेंदबाजी को देखकर यह इतने रन खा भी सकती है। हैदराबाद की गेंदबाजी पर नजर डालें तो पैट कमिंस और एहसान मलिंगा उपलब्ध नहीं हैं। जैक एडवर्ड पहले ही चोट के कारण बाहर हो चुके हैं। ऐसे में इसकी बॉलिंग लाइनअप कमजोर नजर आ रही है। हैदराबाद की गेंदबाजी की बात करें तो ब्रायडन कार्स एकमात्र विदेशी गेंदबाज हैं जो फिट हैं और खेलने के लिए तैयार हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद की गेंदबाजी
पैट कमिंस और एहसान मलिंगा को छोड़ दें तो हैदराबाद की गेंदबाजी लाइनअप में अमित कुमार, जयदेव उनदकट, शिवम मावी, प्रफुल हिंज, हर्षल पटेल, जीशान अंसारी और शाकिब हुसैन जैसे गेंदबाज हैं। हालांकि, हैदराबाद के गेंदबाजी कोच वरुण एरॉन का मानना है कि उनकी गेंदबाजी सशक्त है। शनिवार को हुए सनराइजर्स हैदराबाज के प्रैक्टिस मैच की बात करें तो आकाश चोपड़ा की ये बात सच भी लगती है। इंट्रा स्कॉड इस मुकाबले में कुल 535 रन बने। सनराइजर्स ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अभिषेक शर्मा के ताबड़तोड़ 94 रन की पारी के दम पर 9 विकेट के नुकसान पर 253 रन बनाए। जवाब में सनराइजर्स बी ने इतने ही विकेट के नुकसान पर 282 रन बना डाले। ईशान किशन ने 74 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली।
