Tulsi Vivah Story In Hindi (tulsi vivah ki kahani kya hai, तुलसी विवाह के पीछे की कहानी क्या है, तुलसी विवाह क्यों मनाया जाता है): प्रत्येक वर्ष कार्तिक मास में आने वाले शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि को तुलसी विवाह का पर्व मनाया जाता है। इस दिन भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप और देवी लक्ष्मी के तुलसी स्वरूप की पूजा होती है। साथ ही देवी तुलसी का शालिग्राम जी से विवाह कराया जाता है। पौराणिक शास्त्रों में बताया गया है कि जो व्यक्ति सच्चे मन से तुलसी विवाह के दिन पूजा करता है और देवी-देवताओं का विवाह कराता है, उसे कन्यादान के समान फल मिलता है एवं पाप नष्ट होते हैं।
तुलसी विवाह मुख्यतौर पर शाम के समय गोधूलि मुहूर्त में कराया जाता है, जिस दौरान देवी तुलसी और शालिग्राम जी से जुड़ी एक कथा भी पढ़ी जाती है। इस कथा को पढ़े बिना तुलसी विवाह की पूजा को अधूरा माना जाता है। चलिए अब जानें तुलसी विवाह की कथा यानी तुलसी विवाह की कहानी व तुलसी विवाह की स्टोरी हिंदी में।
तुलसी विवाह की कथा लिखित में (tulsi vivah ki kahani hindi mein)
मां लक्ष्मी को पाना चाहता था राजा जालंधर
पौराणिक कथाओं के अनुसार, एक बार देवों के देव महादेव ने अपने तेज को समुद्र में फेंक दिया था, जिससे एक महातेजस्वी बालक का जन्म हुआ। आगे चलकर ये बालक जालंधर नामक पराक्रमी दैत्य राजा बना। राजा जालंधर का विवाह वृंदा नामक एक कन्या से हुआ। राजा जालंधर को अपार धन का लालच था, जिसके चलते उसने माता लक्ष्मी को पाने के लिए देवताओं से युद्ध किया।
देवी पार्वती को पाने की बनाई योजना
राजा जालंधर और मां लक्ष्मी दोनों की उत्पत्ति समुद्र से हुई थी, जिसके कारण देवी लक्ष्मी ने राजा जालंधर को अपने भाई के रूप में स्वीकार किया। इसके बाद राजा जालंधर ने मां पार्वती को पाने की योजना बनाई, जिसके चलते वो कैलाश पर्वत पर गया। राजा जालंधर ने शिव जी का रूप धारण किया और माता पार्वती के समीप गए, लेकिन माता ने अपने योगबल से उसे तुरंत पहचान लिया और अंतर्ध्यान हो गईं।
विष्णु जी के पास गईं देवी पार्वती
इसके पश्चात देवी पार्वती भगवान विष्णु के पास गईं और उन्हें पूरी बात बताई। विष्णु जी ने देवी पार्वती को बताया कि 'राजा जालंधर की पत्नी वृंदा अत्यन्त पतिव्रता स्त्री हैं। उसी के पतिव्रत धर्म की शक्ति के कारण कोई भी राजा जालंधर को मार नहीं पा रहा है। यदि राजा जालंधर को पराजित करना है तो उसके लिए पहले वृंदा के पतिव्रत धर्म को भंग करना होगा।' देवी पार्वती ने विष्णु जी से आग्रह किया कि अब वो ही कोई योजना बनाएं और जालंधर राजा को पराजित करें।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें- आज तुलसी विवाह है या नहीं, तुलसी के पौधे का शालिग्राम से विवाह कैसे कराएं
विष्णु जी ने धारण किया ऋषि का वेश
इसके बाद भगवान विष्णु ने एक ऋषि का वेश धारण किया और उसी वन में जा पहुंचे जहां वृंदा अकेली भ्रमण कर रही थीं। विष्णु जी ने अपनी शक्ति से दो मायावी राक्षस बनाएं और उन्हें वृंदा के सामने भेज दिया। वृंदा राक्षसों को देखकर भयभीत हो गईं और वहां से भागने लगीं। इसी बीच ऋषि का रूप धारण किए विष्णु जी वहां आएं और एक पल में दोनों राक्षसों को भस्म कर दिया।
वृंदा ने किया ऋषि से ये सवाल
ऋषि की शक्ति देख वृंदा हैरान हुई। उसने ऋषि का धन्यवाद किया और कैलाश पर्वत पर महादेव के साथ अपने पति जालंधर के चल रहे युद्ध के बारे में पूछा। ऋषि ने अपनी माया से दो वानर प्रकट किए। 1 वानर के हाथ में उसके पति जालंधर का सिर था, जबकि दूसरे के हाथ में धड़ था। अपने पति की ये दशा देख वृंदा ने ऋषि से विनती की कि वो उसके पति को जीवित कर दें।
वृंदा ने दिया विष्णु जी को श्राप
ऋषि ने अपनी शक्ति से राजा जालंधर का सिर धड़ से जोड़ दिया और स्वयं भी उसी के शरीर में प्रवेश कर लिया। जालंधर बने भगवान के साथ वृंदा ने पतिव्रता का व्यवहार किया, जिससे उसका सतीत्व भंग हुआ और उसका पति जालंधर युद्ध हार गया। इस लीला के बारे में जब वृंदा को पता चला तो उसने गुस्से में भगवान विष्णु को हृदयहीन शिला बनने का श्राप दे दिया। वृंदा विष्णु जी की बहुत बड़ी भक्त थी, जिसके कारण उन्होंने उसका श्राप स्वीकार किया और शालिग्राम पत्थर बन गए।
ब्रम्हांड में उत्पन्न हुई असंतुलन की स्थिति
सृष्टि के पालनकर्ता विष्णु जी के पत्थर बनने के कारण ब्रम्हांड में असंतुलन की स्थिति उत्पन्न होने लगी। इसके बाद सभी देवी-देवता वृंदा के पास गए और उनसे प्रार्थना की वो भगवान विष्णु को श्राप से मुक्त कर दें, नहीं तो सब तहस-नहस हो जाएगा। देवी-देवताओं का मान रखते हुए वृंदा ने भगवान विष्णु को श्राप से मुक्त किय दियास लेकिन खुद आत्मदाह कर लिया। जिस स्थान पर वृंदा भस्म हुईं, वहां तुलसी का एक पौधा उगा।
वृंदा को दिया देवी तुलसी का स्थान
भगवान विष्णु ने तुलसी रूपी वृंदा से कहा 'अपने सतीत्व के कारण तुम मुझे देवी लक्ष्मी से भी अधिक प्रिय हो गई हो। आज से तुम तुलसी के रूप में सदा मेरे साथ रहोगी। हर साल कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि को मैं तुमसे विवाह करूंगा।' इसी के आगे उन्होंने कहा 'भक्तजन आज से इस तिथि को तुलसी विवाह के रूप में मनाएंगे। जो व्यक्ति तुलसी विवाह के दिन तुम्हारा और मेरा विवाह कराएगा, उसका जीवन सदा खुशियों से भरा रहेगा।'
