Meta Row: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम की कंटेंट मॉडरेशन नीति को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। मेटा के स्वामित्व वाले इंस्टाग्राम पर वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस-2026 के प्रचार से जुड़े वीडियो बार-बार हटाने का आरोप लगा है। आयोजन समिति ने इसे हिंदू संगठनों के प्रति भेदभावपूर्ण रवैया बताते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से हस्तक्षेप की मांग की है। आयोजन समिति का आरोप है कि पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की ओर से विश्वभर के हिंदुओं को सम्मेलन में शामिल होने की अपील करने वाला वीडियो दो बार हटाया गया था।
समिति ने अपने आरोप में कहा है कि शिकायत और संबंधित अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद वीडियो बहाल किया गया, लेकिन मेटा की ओर से इसे हटाने का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया। अब 17 नवंबर को एक बार फिर सम्मेलन के प्रचार से जुड़ा वीडियो इंस्टाग्राम से हटा दिया गया है। इस वीडियो में पिछले वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस में शामिल हो चुके एक युवा प्रतिभागी ने अपने अनुभव साझा करते हुए दुनिया भर के हिंदू युवाओं से मुंबई में होने वाले सम्मेलन में शामिल होने की अपील की थी।
मुख्यमंत्री फडणवीस को सौंपा ज्ञापन
इस पूरे मामले को लेकर वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस-2026 की आयोजन समिति के सचिव स्वदेश खेतावत के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की और उन्हें औपचारिक ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि मुंबई में मेटा के प्रतिनिधियों को तलब कर वीडियो हटाने के पीछे का कारण पूछा जाए। साथ ही, यह भी जांच की जाए कि क्या मेटा की कंटेंट मॉडरेशन नीति सभी धार्मिक और वैचारिक संगठनों पर समान रूप से लागू की जा रही है। समिति ने मामले में उचित पुलिस शिकायत दर्ज कराने और यदि किसी कानून के उल्लंघन के तथ्य सामने आते हैं तो जांच शुरू करने की भी मांग की है।
'मेटा की मंशा पर सवाल, बार-बार गलती नहीं हो सकती'
आयोजन समिति के सचिव स्वदेश खेतावत ने मेटा की कार्रवाई पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जिस तरह से वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस के प्रचार वीडियो लगातार हटाए जा रहे हैं, उससे मेटा की सोच और उसकी निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं। उनका आरोप है कि मेटा हिंदू संगठनों से जुड़ी सामग्री के प्रति भेदभावपूर्ण रवैया अपना रहा है। खेतावत ने कहा कि सोशल मीडिया पर कई ऐसे आपत्तिजनक वीडियो मौजूद रहे हैं, जिनमें प्रधानमंत्री और देश के अन्य नेताओं के खिलाफ अभद्र भाषा और गाली-गलौज का इस्तेमाल किया गया। उनके मुताबिक, ऐसे वीडियो को लेकर शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, जबकि वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के प्रचार वीडियो बिना किसी आपत्तिजनक भाषा या सामग्री के हटा दिए जा रहे हैं।
4 हजार से ज्यादा प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद
गौरतलब है कि वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस का आयोजन 18 से 20 दिसंबर 2026 तक मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में किया जाएगा। यह सम्मेलन तीन दिवसीय होगा, जिसमें 60 से अधिक देशों के 4 हजार से ज्यादा प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। इनमें हिंदू संगठनों के प्रतिनिधि, साधु-संत, सामाजिक कार्यकर्ता, उद्यमी, शिक्षाविद, युवा प्रतिनिधि और विभिन्न क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियां शामिल होंगी। आयोजकों के मुताबिक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे। सम्मेलन की थीम 'समानं व्रतं सह चित्तम् – साझा प्रतिबद्धता, सामूहिक संकल्प' रखी गई है। इसमें हिंदू समाज, शिक्षा, अर्थव्यवस्था, मीडिया, महिला नेतृत्व, युवा शक्ति और वैश्विक स्तर पर हिंदू संगठनों के बीच सहयोग जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
META के दफ्तर के बाहर यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन
यूथ कांग्रेस का आरोप है कि META भारत के विपक्ष के नेता राहुल गांधी के फेसबुक,इंस्टा पोस्ट को तरजीह ना देकर BJP को अहमियत दे रही है। प्रदर्शनकारियों ने 7 विपक्षी नेताओं, पत्रकारों और स्वतंत्र क्रिएटर्स के अकाउंट्स से पाबंदियां हटाने के लिए 7 दिन का अल्टीमेटम दिया है। यूथ कांग्रेस का कहना है कि मांग नही मानने पर META के दफ्तरों के बाहर विरोध और तेज होगा! घटना के बाद BKC पुलिस ने यूथ कोंग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने BKC की एक बिल्डिंग में कथित विरोध और तोड़फोड़ के मामले में चार नामजद लोगों और 15-20 अनजान महिलाओं के खिलाफ FIR दर्ज की है। FIR के मुताबिक, लाल फूलों वाली ड्रेस पहनी एक महिला ने बिल्डिंग के शीशे के बाहरी हिस्से पर 'RSS का बेटा मेटा' लिखा। पुलिस ने FIR में चार लोगों के साथ 15-20 अनजान महिलाओं का नाम दर्ज किया है। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223, महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धाराओं 37 (3) और 135, और महाराष्ट्र संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम, 1995 की धारा 3 के तहत पंजीकृत किया गया है।
