IND vs PAK: हैंडशेक विवाद को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट टीम पीछे हटने को तैयार नहीं है। इस क्रम में टीम ने एशिया कप 2025 के सुपर फोर मैच से पहले होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द कर दी थी। पाकिस्तान ने एशिया कप में यह दूसरी बार किया। इससे पहले पाकिस्तान ने यूएई के खिलाफ मैच में भी ऐसा किया था। इतना ही नहीं कभी हां, कभी ना के चक्कर में यूएई के खिलाफ यह मुकाबला एक घंटे से देरी से भी शुरू हुआ था। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के इस रवैये पर दिग्गज भारतीय बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने आपत्ति जताई है।
ऐसा करने वालों पर लगे जुर्माना
सुनील गावस्कर ने इंडिया टुडे से बात करते हुए कहा कि भविष्य में एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) को भविष्य में इस तरह करने वाली टीमों पर जुर्माना लगाने पर विचार करना चाहिए। यह लगातार दूसरा मौका था, जब पाकिस्तान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को टाल दिया था। 'मुझे नहीं पता इसके पीछे क्या सोच है, लेकिन जहां तक मेरा मानना है, प्रेस कॉन्फ्रेंस अनिवार्य होती है। अगर टीमें इसे नहीं करतीं तो मुझे नहीं पता इसके लिए क्या सजा है या नहीं। लेकिन आज की दुनिया में मीडिया को जानकारी देते रहना ज़रूरी है।'
उन्होंने आगे कहा, “मीडिया के साथ खुला संवाद बनाए रखना अब भी बेहद अहम है। ‘स्रोतों’ या अटकलों पर निर्भर रहने के बजाय हमेशा बेहतर यही है कि टीमें सीधे अपनी बात सामने रखे। शायद पाकिस्तान को लगता है कि उनके पास साझा करने लायक कुछ नहीं है, जो कि सच कहें तो, हैरानी की बात भी नहीं है।” उन्होंने पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी को लेकर कहा कि उन्हें भूलना नहीं चाहिए कि वह पीसीबी के अध्यक्ष के साथ-साथ एसीसी के अध्यक्ष भी हैं। उनकी निगरानी में एशिया कप का संचालन हो रहा है और सबको यह जानने का अधिकार है कि वास्तव में चल क्या रहा है।
