क्रिकेट

IND vs AUS 4th Test: यशस्वी जायसवाल के रन आउट पर सुनील गावस्कर ने दी प्रतिक्रिया, कहा-जरूरी नहीं था जोखिम भरा रन

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने यशस्वी जायसवाल के जोखिम भरा रन लेने की कोशिश में विकेट गंवाने पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि उसकी जरूरत नहीं थी। जानिए इस बारे में गावस्कर ने और क्या कहा?

Image

यशस्वी जायसवाल

Photo : AP

मेलबर्न: भारतीय बल्लेबाज सुनील गावस्कर और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज जस्टिन लैंगर ने शुक्रवार को कहा कि विराट कोहली और यशस्वी जायसवाल को जोखिम भरा एक रन लेने की कोशिश नहीं करनी चाहिए थी जिसके कारण ऑस्ट्रेलिया को चौथे टेस्ट में महत्वपूर्ण विकेट मिल गया। जायसवाल चौथे टेस्ट के दूसरे दिन 118 गेंद में 82 रन की तूफानी पारी खेलने के बाद कोहली (36) के साथ गलतफहमी के कारण तेजी से एक रन लेने की कोशिश में अपनी क्रीज से काफी दूर रह गए।

जरूरी नहीं था वास्तव में वो रन

गावस्कर ने ‘स्टार स्पोर्ट्स’ से कहा,'यह एक तेज रन होता और विराट कोहली जैसा कोई खिलाड़ी निश्चित रूप से इसे बना लेता। लेकिन बात यह थी कि उसने क्षेत्ररक्षक की तरफ देखा। जब आप क्षेत्ररक्षक की ओर देखते हैं, जब आप मुड़ते हैं तो आप वह अहम सेकेंड खो देते हैं। आपका संतुलन पूरी तरह से बिगड़ जाता है। और यह एक मुश्किल रन होता। मुझे लगता है कि उस स्थिति में आपको रन लेने की क्या जरूरत है जिसमें जोखिम शामिल है? आप अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं, रन बन रहे हैं। उस स्थिति में जोखिम लेना वास्तव में जरूरी नहीं था।'

जायसवाल के रन आउट होने के बाद कोहली का ध्यान हुआ भंग

हालांकि गावस्कर ने कहा कि कोहली अगर पूरी तरह से इसके लिए प्रतिबद्ध होते तो रन पूरा कर सकते थे क्योंकि ‘कोहली विकेटों के बीच शानदार खिलाड़ी हैं।’

इसके कारण जायसवाल रन आउट हो गये और इससे कोहली का ध्यान भंग हुआ जो ऑफ स्टंप से बाहर जाती गेंद पर आउट हो गये। लैंगर ने कहा,'मुझे लगता है कि यह जोखिम भरा रन था क्योंकि पैट कमिंस शानदार एथलीट हैं। भले ही उन्होंने इसे नहीं पकड़ा होता लेकिन पैट कमिंस के दिमाग में वह नॉन-स्ट्राइकर के लिए चले जाते। यह करीबी होता लेकिन मुझे लगा कि यह जोखिम भरा रन था।'

बहुत जोखिम भरा था वो रन

उन्होंने कहा,'मैच के उस चरण में इसकी कोई जरूरत नहीं थी। वे अच्छी स्थिति में थे। उन्होंने इसे पूरी तरह से नियंत्रण में रखा। वह जितने तेज हैं, मुझे लगा कि यह बहुत जोखिम भरा रन था। मुझे लोगों को गिरते और तेजी से भागते देखना अच्छा लगता है लेकिन वह एक जोखिम भरा रन था। मुझे लगता है कि विराट यही कह रहे थे।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article