क्रिकेट

नाइटक्लब विवाद में इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड की बड़ी कार्रवाई, लॉर्ड्स टेस्ट से बाहर किए गए ब्रायडन कार्स

नाइक्लब विवाद मामले में इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने बड़ी कार्रवाई की है। ब्रायडन कार्स को दूसरे टेस्ट के लिए बाहर कर दिया गया है। इससे पहले जब सोशल मीडिया पर कार्स का वीडियो वायरल हुआ था तो इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने जांच की बात कही थी।

Image

ब्रायडन कार्स (साभार-ICC)

इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ब्रायडन कार्स को सोमवार को पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए टीम से बाहर कर दिया गया। यह कार्रवाई हालांकि मैदान से बाहर की घटना से जुड़ी हुई है। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में कार्स को शनिवार रात डर्बी के एक नाइट क्लब के बाहर पुलिस की हथकड़ी में दिखाया गया। यह घटना उनकी क्लब टीम डरहम की ओर से मैच खेलने के बाद हुई। इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने बयान जारी कर कहा कि दूसरे टेस्ट के लिए कार्स की जगह सॉनी बेकर को टीम में शामिल किया गया है। दूसरा टेस्ट बृहस्पतिवार से शुरू होगा।

ईसीबी ने अपनी वेबसाइट पर कहा, "ईसीबी के संज्ञान में आने के बाद ’क्रिकेट रेगुलेटर’ ने पुष्टि की है कि वह शनिवार रात डर्बी में हुई घटनाओं की जांच करेगा। जांच जारी रहने और पूरी जानकारी सामने आने तक ब्रायडन कार्स पुरुष टीम के दूसरे टेस्ट के चयन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे।’’

’क्रिकेट रेगुलेटर’ ईसीबी के नियमों के संभावित उल्लंघन से जुड़े मामलों की स्वतंत्र रूप से जांच करता है। जांच के बाद कोई कार्रवाई नहीं करने, चेतावनी देने या नियमों के उल्लंघन का आरोप तय करने जैसे विकल्प हो सकते हैं। कार्स से जुड़ी यह घटना ऐसे समय में हुई है जब इंग्लैंड की पुरुष क्रिकेट टीम पर लगाया गया आधी रात का कर्फ्यू हाल ही में नए कप्तान जो रूट के कार्यभार संभालने के बाद हटा दिया गया था।

पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच दूसरा टेस्ट 27 अगस्त से लॉर्ड्स में खेला जाना था। 3 मैच की टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड की टीम फिलहाल 1-0 से आगे है। लीड्स, हेडिंग्ले में खेले गए पहले टेस्ट में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को पारी और 103 रन से हराया था। ब्रायडन कार्स का बाहर जाना इंग्लैंड की टीम के लिए एक बड़ा झटका है, क्योंकि वो गेंदबाजी के साथ-साथ टेस्ट क्रिकेट में नीचले क्रम में बल्लेबाजी का भी विकल्प देते हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article