क्रिकेट

वनडे सीरीज में भी पैट कमिंस के बिना उतरेगी ऑस्ट्रेलिया, इस खिलाड़ी को मिली टीम की कमान

  • Authored by: समीर कुमार ठाकुर
  • Updated Mar 14, 2023, 10:56 AM IST

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 17 मार्च से शुरू हो रहे वनडे सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलिया के लिए एक बुरी खबर सामने आ रही है। दरअसल दिल्ली टेस्ट के बाद वापस घर लौटे पैट कमिंस वनडे सीरीज में भी टीम का हिस्सा नहीं होंगे। 10 मार्च को उनकी मां का निधन हो गया था।

Image

पैट कमिंस

Photo : Twitter

ind vs Aus ODI: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच आगामी वनडे सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलिया के लिए एक बुरी खबर सामने आ रही है। दरअसल ऑस्ट्रेलिया को अपने स्थायी कप्तान पैट कमिंस के बिना ही वनडे सीरीज में उतरना होगा। अपने मां के निधन के बाद कमिंस फिलहाल ऑस्ट्रेलिया में ही रहेंगे।

स्टीव स्मिथ करेंगे कप्तानी

भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में स्टीव स्मिथ ही ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी करेंगे। इससे पहले उन्होंने बॉर्डर-गावस्कर सीरीज में इंदौर टेस्ट और अहमदाबाद टेस्ट में पैट कमिंस की अनुपस्थिति में टीम की कमान संभाली थी।

ऑस्ट्रेलियाई कोच एंड्र्यू मैकडॉनल्ड ने कहा है कि पूरी टीम इस दुख भरी घड़ी में पैट कमिंस के साथ है और जल्द ही वह इससे उबरें ऐसी कामना है। दिल्ली टेस्ट के बाद पैट कमिंस आखिरी वक्त में अपनी मां के साथ गुजरने के लिए ऑस्ट्रेलिया चले गए थे, जिसके बाद वह नहीं लौटे। 10 मार्च को उनकी मां का निधन हो गया था। वह ब्रेस्ट कैंसर से जूझ रही थीं।

कमिंस के रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं

ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पैट कमिंस के रिप्लेसमेंट के तौर पर किसी का नाम नहीं शामिल किया है। इससे पहले वनडे सीरीज से बाहर हुए झाई रिचर्ड्सन की जगह नाथन एलिस का नाम जरूर शामिल किया था।

पिछले 5 वनडे में चार कप्तान

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम की बात करें तो पिछले 5 वनडे मैच में चार अलग-अलग खिलाड़ी ने टीम की कमान संभाली है। न्यूजीलैंड के खिलाफ एरॉन फिंच के रिटायरमेंट के बाद ऑस्ट्रेलिया ने पैट कमिंस को कप्तान बनाया था, लेकिन उनकी अनुपस्थिति में जोश हेजलवुड को टीम की कमान संभालनी पड़ी थी और अब भारत के खिलाफ स्टीव स्मिथ को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बॉर्ड-गावस्कर सीरीज में की अच्छी कप्तानी

बॉर्डर-गावस्कर सीरीज में स्टीव स्मिथ की कप्तानी की बात करें तो उन्होंने अपनी कप्तानी से सबको प्रभावित किया था। स्मिथ ने मैच के दौरान डीआरएस का बाखूबी इस्तेमाल किया था, जिसमें भारतीय कप्तान रोहित शर्मा नाकाम रहे थे। इसके अलावा बॉलिंग चेंज ने भी ऑस्ट्रेलिया के लिए सीरीज में वापसी करने का मौका इंदौर टेस्ट में बनाया था।
समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article