क्रिकेट

IND A vs AUS A: ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ चार दिवसीय मैच के तीसरे दिन मुश्किल में फंसी इंडिया ए

ऑस्ट्रेलिया ए ने गुरुवार को तीसरे दिन भारत ए के खिलाफ दूसरे चार दिवसीय मुकाबले में 364 रन की बढ़त हासिल कर मजबूत पकड़ बना ली है। जानिए कैसा तीसरे दिन के खेल का हाल?

Image

इंडिया ए बनाम ऑस्ट्रेलिया ए (फोटो क्रेडिट @SakSpeaksHQ X)

पुडुचेरी: ऑस्ट्रेलिया ए ने गुरुवार को तीसरे दिन भारत ए के खिलाफ दूसरे चार दिवसीय मुकाबले में 364 रन की बढ़त हासिल कर मजबूत पकड़ बना ली है। दिन का खेल खत्म होने पर भारत ए का स्कोर एक विकेट पर 28 रन था जिससे उसे अप्रत्याशित जीत के लिए 337 रन चाहिए या ड्रॉ के लिए पूरा एक दिन बल्लेबाजी करनी होगी। मेजबान टीम दो मैच की सीरीज में 1-0 से आगे है।

सलामी बल्लेबाज सैम कोंस्टास ने 40 रन, नाथन मैकस्वीनी ने 36 रन और जेसन सांघा ने नाबाद 44 रन बनाए जिसके बाद मेहमान टीम ने खेल खत्म होने से एक घंटे पहले अपनी दूसरी पारी चार विकेट पर 173 रन पर घोषित कर दी और भारत ए के सामने 365 रन का लक्ष्य रखा। भारत ए ने पहला मैच 162 रन से जीता था। स्टंप तक आयुष पांडे 11 रन और रात्रिप्रहरी तुषार देशपांडे चार रन बनाकर मौजूद थे। ऑफ-स्पिनर टॉड मर्फी ने सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन को 12 रन पर आउट किया।

सुबह भारत ए ने पांच विकेट पर 122 रन से अपनी पहली पारी आगे बढ़ाई। रात के नाबाद बल्लेबाज शेख रशीद (42 रन) और तनुष कोटियान (33 रन) छठे विकेट की साझेदारी को 46 रन तक पहुंचाई लेकिन इसके बाद टीम ने अपने आखिरी पांच विकेट सिर्फ 10 रन पर गंवा दिए। तेज गेंदबाज लियाम हैचर ने रशीद को बोल्ड किया जिसके बाद तेज गेंदबाज झाय रिचर्डसन और ऑफ-स्पिनर कोरी रोचिचियोली ने दो-दो विकेट लेकर लंच से पहले भारत ए को 167 रन पर समेट दिया।

फिर ऑस्ट्रेलिया ए के लिए दूसरी पारी में कोंस्टास ने जोश फिलिप (26) के साथ पहले विकेट के लिए 53 रन और मैकस्वीनी के साथ अगले विकेट के लिए 40 रन जोड़े। ऑफ-स्पिनर कोटियान ने कोंस्टास और कप्तान पीटर हैंड्सकॉम्ब को लगातार गेंदों पर आउट किया। वेस्टइंडीज के खिलाफ अंतिम वनडे के लिए चोटिल प्रसिद्ध कृष्णा की जगह बुलाए गए अंशुल कंबोज के स्थान पर खेल रहे तेज गेंदबाज प्रफुल हिंगे ने मैकस्वीनी को आउट किया। सांघा और लियाम स्कॉट (13) ने पांचवें विकेट के लिए नाबाद 40 रन की साझेदारी की जिसके बाद मेहमान टीम ने चार विकेट पर 173 रन के स्कोर पर पारी घोषित कर दी।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article