क्रिकेट

47 साल की उम्र में बेटे से क्रिकेट खेलने की प्रेरणा ले रहे इमरान ताहिर

Imran Tahir: प्रोविडेंस में 9 सितंबर को खेले गए मैच में ताहिर T20 क्रिकेट में पांच विकेट लेने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए। गुयाना के कप्तान ताहिर ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 17 रन देकर 5 विकेट लिए।

Image

इमरान खान (फोटो साभार- imrantahirsa99)

Imran Tahir: 47 साल की उम्र में भी दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज स्पिनर इमरान ताहिर का जादू जारी है। उन्होंने कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) में गुयाना अमेजन वॉरियर्स को सेंट लूसिया किंग्स पर जीत दिलाते हुए इतिहास रच दिया। प्रोविडेंस में 9 सितंबर को खेले गए मैच में ताहिर T20 क्रिकेट में पांच विकेट लेने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए। गुयाना के कप्तान ताहिर ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 17 रन देकर 5 विकेट लिए। यह उनके T20 करियर का 461वां मैच था। उन्होंने 2006 में पाकिस्तान में पहली बार T20 क्रिकेट खेला था और दो दशक बाद भी वह युवा खिलाड़ियों को टक्कर दे रहे हैं।

इमरान ताहिर को बेटे से मिली प्रेरणा

मैच के बाद ताहिर ने इस प्रदर्शन का श्रेय अपने बेटे को दिया। उन्होंने कहा, "मेरी भूमिका मिडिल ओवर्स में विपक्षी टीम को रोकने की है। मैं एक आक्रामक गेंदबाज हूं। अगर विकेट मिलते हैं तो मुझे कोई दिक्कत नहीं है।" उन्होंने भावुक होते हुए कहा, "मेरा बेटा ही मुख्य व्यक्ति है जो मुझे खेलने के लिए प्रेरित कर रहा है। वह मुझसे कहता रहता है - डैडी, एक और साल... एक और साल और फिर आपको मेरे साथ खेलना है। यह एक तरह की प्रेरणा है। मैं इसे उसे और दुनिया भर में मुझे देख रहे सभी युवाओं को देना चाहता हूं।"

कड़ी मेहनत जारी रखेंगे इमरान ताहिर

ताहिर ने कहा कि बेटे की इस प्रेरणा ने उन्हें कड़ी मेहनत जारी रखने और युवा क्रिकेटरों के लिए उदाहरण पेश करने के लिए प्रोत्साहित किया है। अपनी उपलब्धि पर उन्होंने कहा कि निजी रिकॉर्ड उनकी प्राथमिकता नहीं है। ताहिर ने कहा, "मैं बहुत मेहनत करता हूं और यह देखना अच्छा लगता है कि यह वैसे ही सामने आता है जैसे आप चाहते हैं। यह व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है जिसे मैं देखता हूं। हम व्यक्तिगत उपलब्धि के लिए कड़ी मेहनत करते हैं लेकिन मैं बहुत भाग्यशाली हूं कि मैंने आज अच्छा प्रदर्शन किया।" गुयाना अमेजन वॉरियर्स पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी है। अब उसका अगला मुकाबला 11 सितंबर को त्रिनबागो नाइट राइडर्स से होगा। ताहिर ने गुयाना के फैंस का भी शुक्रिया अदा किया और कहा कि यहां खेलना बाकी जगहों से अलग है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article