क्रिकेट

IND vs SA: भारत के खिलाफ मिली एकतरफा हार से निराश हैं दक्षिण अफ्रीका के हेड कोच, जानिए क्या बोले

IND vs SA, South Africa head Coach Rob Walter Statement: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चौथे और आखिरी टी20 मुकाबले में टीम इंडिया की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी देखने को मिली। इस मुकाबले में टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को 135 रन से शिकस्त दी और चार टी20 मैचों की सीरीज पर 3-1 से कब्जा जमाया। इसी जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका के हेड कोच ने बड़ा बयान दिया।

Image

भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी। (फोटो- BCCI Twitter)

Photo : Twitter

IND vs SA, South Africa head Coach Rob Walter Statement: टीम इंडिया ने चौथे और आखिरी टी20 मैच में 135 रन से जीत दर्ज की और 4 मैचों की सीरीज को 3-1 से अपने नाम की। इस हार पर दक्षिण अफ्रीका के सीमित ओवरों के कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि हार के लिए कोई बहाना बनाने का फायदा नहीं, लेकिन हम रणनीतियों में बदलाव करेंगे और एक मजबूत प्लेइंग-11 तैयार करने की कोशिश करेंगे।

वांडरर्स में चौथे टी20 मैच में दक्षिण अफ्रीका की 135 रन से करारी हार के बाद बोलते हुए वाल्टर ने टीम के प्रदर्शन की जिम्मेदारी ली, लेकिन साथ ही युवा खिलाड़ियों को शीर्ष स्तर के क्रिकेट में मौका देने की रणनीति का बचाव भी किया। वाल्टर ने कहा कि वरिष्ठ खिलाड़ियों को आराम देना और नए खिलाड़ियों को शामिल करना आवश्यक है, लेकिन इससे इन परिणाम को उचित नहीं ठहराया जा सकता।

वाल्टर ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "हमें अभी भी बेहतर होने की जरूरत है, और इसकी शुरुआत टीम के मुख्य कोच के रूप में मुझसे होती है। बेंच स्ट्रैंथ बढ़ाने के लिए हमें युवा खिलाड़ियों को खिलाना पड़ता है, यहां तक कि अच्छी टीमों के खिलाफ बड़ी सीरीज में भी हमें उन्हें मौका देना होगाा। आखिरकार, यहीं से वे सबसे ज्यादा सीखेंगे, लेकिन यह एक संतुलन बनाने का काम है। इसका कोई सही या गलत तरीका नहीं है। हम इसे सही करने की कोशिश कर रहे हैं।"

दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजी आक्रमण को आलोचना का सामना करना पड़ा, जिसने चार में से तीन मैचों में 200 से अधिक रन दिए। प्रमुख तेज गेंदबाजों कागिसो रबाडा (ब्रेक पर हैं), लुंगी एनगिडी (चोटिल), एनरिक नॉर्टजे और तबरेज शम्सी (दोनों अनुबंधित नहीं हैं लेकिन उपलब्ध हैं) के बिना, आक्रमण अनुभवहीन और कम तैयार दिखाई दिया।

मार्को जेनसन और गेराल्ड कोएत्जी चोट के कारण लंबे समय तक बाहर रहने के बाद लौटे, एंडिले सिमेलाने ने डेब्यू किया, नकाबा पीटर ने अपना पहला घरेलू अंतरराष्ट्रीय मैच खेला और लूथो सिपामला तीन साल बाद टीम में लौटे। सबसे वरिष्ठ खिलाड़ी केशव महाराज को अनुभवहीन टीम को एकजुट करने में संघर्ष करना पड़ा।

(आईएएनएस)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article