क्रिकेट

शुक्रवार को BCCI की वार्षिक बैठक, अंडमान एवं निकोबार द्वीप को एसोसिएट सदस्यता से लेकर IPL संंचालन परिषद होंगे अहम मुद्दे

BCCI AGM: शुक्रवार को जब बीसीसीआई की वार्षिक आम बैठक का आयोजन मुंबई मुख्यालय में होगा तो इसमें कई अहम मुद्दों पर चर्चा व फैसले होंगे। अंडमान एवं निकोबार द्वीप क्रिकेट संघ को एसोसिएट सदस्यता प्रदान करना और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) में बीसीसीआई के प्रतिनिधि की नियुक्ति प्रमुख मुद्दों में शामिल होंगे। वहीं, आईपीएल संचालन परिषद में आम सभा के दो प्रतिनिधियों को शामिल करने पर भी विचार होगा।

Image

शुक्रवार को बीसीसीआई की वार्षिक आम बैठक (BCCI)

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की शुक्रवार को यहां होने वाली 95वीं आम सालाना बैठक (एजीएम) में अंडमान एवं निकोबार द्वीप क्रिकेट संघ को एसोसिएट सदस्यता प्रदान करना और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) में बीसीसीआई के प्रतिनिधि की नियुक्ति प्रमुख मुद्दों में शामिल होंगे। मुंबई स्थित बीसीसीआई मुख्यालय में होने वाली यह एजीएम सामान्य प्रक्रिया के तहत होने की उम्मीद है। बैठक में आईपीएल संचालन परिषद में आम सभा के दो प्रतिनिधियों को शामिल करने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जाएगा। इसके अलावा कुछ ऐसे चुनाव भी होंगे जिनके परिणाम लगभग तय माने जा रहे हैं।

आईपीएल संचालन परिषद के मौजूदा अध्यक्ष अरुण धूमल को इस पद पर दोबारा चुना जाएगा जबकि खैरुल मजूमदार को सदस्य के तौर पर चुना जाएगा। बीसीसीआई के निर्वाचन अधिकारी ए के ज्योति ने पिछले सप्ताह चुनाव के लिए उनके नामांकन को मंजूरी दे दी थी। धूमल और मजूमदार दोनों का निर्विरोध चुना जाना तय है। बीसीसीआई द्वारा अपने सचिव देवजीत सैकिया को आईसीसी में अपना प्रतिनिधि बनाए रखने की भी संभावना है। इसके अलावा एजीएम में भारतीय क्रिकेट संघ (आईसीए) के एक प्रतिनिधि को आईपीएल संचालन परिषद में शामिल करने के मुद्दे पर भी चर्चा होगी।

एजीएम में 2025-26 के बीसीसीआई के ऑडिट किए गए खातों को मंजूरी के लिए रखा जाएगा। साथ ही वित्त वर्ष 2026-27 के वार्षिक बजट को अपनाने और ऑडिटर की नियुक्ति पर चर्चा होगी। बैठक में लोकपाल और नैतिक अधिकारी की नियुक्ति का मुद्दा भी उठाया जाएगा। बैठक की शुरुआत पिछले साल 28 सितंबर 2025 को हुई एजीएम की कार्रवाई के विवरण की पुष्टि से होगी। इसके बाद 2025-26 के लिए सचिव की रिपोर्ट को अपनाने पर विचार किया जाएगा।

एजीएम में स्थायी समितियों, क्रिकेट समितियों और अंपायर समिति की नियुक्ति पर भी चर्चा होगी। इसके अलावा यौन उत्पीड़न की रोकथाम संबंधी नीति के तहत गठित बीसीसीआई की आंतरिक समिति की रिपोर्ट भी बैठक में रखी जाएगी। यह देखना भी होगा कि एजीएम जूनियर चयन समिति की नियुक्ति के मुद्दे पर विचार करती है या नहीं। बीसीसीआई ने इस समिति में पांच पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे जिसकी आवेदन की अंतिम तारीख पांच सितंबर थी।

फिलहाल बोर्ड के सामने सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों में से एक मौजूदा मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के भविष्य से जुड़ा है। उनका अनुबंध अगले महीने की शुरुआत में समाप्त होने वाला है।

भारत और वेस्टइंडीज के बीच इस महीने के अंत से शुरू होने वाली बहु प्रारूप की घरेलू सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा बुधवार को कर दी गई। इसके बाद सीनियर पुरुष चयन समिति का अगला बड़ा काम अक्टूबर-नवंबर में होने वाले न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत और भारत ’ए’ की टीम का चयन करना होगा।

भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय, पांच वनडे और दो टेस्ट मैच खेलेगा। वहीं भारत ’ए’ अक्टूबर के अंत से न्यूजीलैंड ’ए’ के खिलाफ तीन अनौपचारिक टेस्ट खेलेगा। यह दौरा दो टेस्ट मैच की महत्वपूर्ण सीरीज से पहले एक तरह का ’शैडो टूर’ होगा।

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें