यूटिलिटी

ऑनलाइन मंगवाएं या लोकल मार्केट से खरीदें किराने का सामान? कहां मिलेगा ज्यादा फायदा

Online vs Local Grocery Shopping: बहुत से लोगों को लगता है कि क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स की सुविधा मौजूद होने के साथ राशन ऑनलाइन मंगवाना ज्यादा आसान और सस्ता है।

Image

कहां से करें Grocery Shopping (AI Generated Image)

Online vs Local Grocery Shopping: आज के समय में क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स की वजह से घर बैठे राशन मंगवाना काफी आसान हो गया है। कुछ ही मिनटों में दूध, ब्रेड, आटा, चावल, दाल, तेल और रोजमर्रा की कई चीजें घर के दरवाजे तक पहुंच जाती हैं। वहीं, लोकल मार्केट में जाकर खरीदारी करने पर दुकानदार से कीमत को लेकर बातचीत करने और अलग-अलग दुकानों पर रेट की तुलना करने का मौका मिलता है। ऐसे में सवाल उठता है कि राशन ऑनलाइन खरीदना ज्यादा फायदेमंद है या लोकल मार्केट से खरीदारी करना। दरअसल, दोनों ही तरीकों के अपने कुछ फायदे हैं तो कुछ सीमाएं भी हैं। ऐसे में सही विकल्प का चुनाव समझदारी से करना चाहिए-

ऑनलाइन क्यों खरीदें राशन

ऑनलाइन राशन खरीदने का सबसे बड़ा फायदा सुविधा है। अगर अचानक घर में कोई जरूरी सामान खत्म हो गया है तो बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ती। कई प्लेटफॉर्म्स पर डिस्काउंट, कूपन और बैंक ऑफर भी मिलते हैं। इससे कुछ सामानों की कीमत लोकल मार्केट के मुकाबले कम हो सकती है। ऑनलाइन खरीदारी में प्रोडक्ट की कीमत और दूसरे विकल्पों को एक ही जगह देखकर तुलना करना भी आसान होता है। हालांकि, कम कीमत देखकर जरूरत से ज्यादा सामान कार्ट में जोड़ देना बजट बिगाड़ सकता है। कई बार डिलीवरी या छोटे ऑर्डर से जुड़े चार्ज भी कुल खर्च बढ़ा सकते हैं।

लोकल मार्केट से क्यों खरीदें राशन

दूसरी तरफ, लोकल मार्केट से राशन खरीदने का फायदा यह है कि आप दुकानदार से सीधे कीमत पूछ सकते हैं और कई सामानों पर बेहतर डील के लिए बातचीत भी कर सकते हैं। खासकर अगर आप महीने भर का राशन एक साथ खरीदते हैं तो दुकानदार से पैकेज डील या कुछ अतिरिक्त लाभ मिल सकता है। लोकल खरीदारी में सामान को खुद देखकर उसकी पैकिंग, क्वालिटी और एक्सपायरी डेट जांचने का मौका भी रहता है। हालांकि, इसके लिए बाजार जाने में समय और आने-जाने का खर्च लग सकता है।

कब कौन-से विकल्प का करें इस्तेमाल

सही तरीका यह हो सकता है कि हर सामान के लिए एक ही खरीदारी का तरीका तय करने के बजाय कीमत की तुलना की जाए। महीने के बड़े राशन जैसे आटा, चावल, दाल, तेल और अन्य सामान खरीदने से पहले ऑनलाइन और लोकल मार्केट दोनों के रेट देखें। वहीं, दूध, ब्रेड, फल या अचानक जरूरत वाले सामान के लिए क्विक कॉमर्स सुविधाजनक विकल्प हो सकता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article