Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ शहर में सफाई कर्मचारियों ने वाल्मीकि समाज के एक युवक की गिरफ्तारी के विरोध में गुरुवार को काम बंद कर हड़ताल शुरू कर दी है। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों का स्पष्ट कहना है कि जब तक पुलिस कर्णी सेना के युवा नेता सचिन राघव के खिलाफ क्रास केस दर्ज नहीं करती, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे। इस हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था और कूड़ा उठान का कार्य पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
क्या है विवाद
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक पूरे विवाद की शुरुआत सोमवार को हुए एक आरक्षण विरोधी प्रदर्शन से हुई थी। सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि कर्णी सेना के युवा नेता सचिन राघव ने इस प्रदर्शन के दौरान वाल्मीकि समाज के लोगों के खिलाफ आपत्तिजनक और जातिसूचक टिप्पणियां की थीं।
इसके बाद बुधवार रात भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की मुख्य शाखा के पास सचिन राघव के साथ कथित तौर पर मारपीट की घटना हुई। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाल्मीकि समुदाय के युवक को गिरफ्तार कर लिया, जिसके बाद सफाई कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा।
100 से अधिक अज्ञात लोगों पर FIR दर्ज
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) सर्वम सिंह ने बताया कि मारपीट की घटना के सिलसिले में पुलिस ने सख्त धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में 100 से अधिक अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। जिसमें धारा 109, हत्या का प्रयास, धारा 131, सरकारी सेवक को ड्यूटी से रोकने के लिए हमला या चोट पहुंचाना, धारा 115, स्वेच्छा से चोट या गंभीर चोट पहुंचाना, धारा 351, आपराधिक धमकी शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
क्रॉस FIR की मांग पर अड़े कर्मचारी
सफाई कर्मचारियों का कहना है कि पुलिस एकतरफा कार्रवाई कर रही है। उनकी मुख्य मांग है कि वाल्मीकि समाज पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले कर्णी सेना नेता सचिन राघव के खिलाफ भी मामला दर्ज किया जाए। जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे शहर में सफाई कार्य निलंबित रखेंगे।
