क्रिकेट

सौरव गांगुली और उनकी पत्नी को मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस ने शुरू की जांच

बीसीसीआई के पूर्व चीफ सौरव गांगुली और उनकी पत्नी डोना को जान से मारने की धमकी मिली है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने यह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है कि ये पत्र किसने भेजे थे।

Image

सौरव गांगुली (साभार-X)

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उन्हें पिछले कुछ महीनों में कई धमकी भरे पत्र मिले हैं, जिनमें से एक पत्र में उन्हें और उनकी पत्नी डोना गांगुली को जान से मारने की चेतावनी दी गई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने यह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है कि ये पत्र किसने भेजे थे। अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (सीएबी) के अध्यक्ष गांगुली की ओर से दक्षिण कोलकाता के ठाकुरपुकुर पुलिस थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। यह कदम सोमवार को गांगुली के कार्यालय में एक नया धमकी भरा पत्र मिलने के बाद उठाया गया।

ये पत्र कथित तौर पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के पूर्व अध्यक्ष के नाम पर पिछले छह महीनों से आ रहे थे, लेकिन शुरुआत में इन्हें गंभीरता से नहीं लिया गया था। पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी के मैनेजर द्वारा दर्ज कराई गई पुलिस शिकायत के अनुसार, सोमवार को उनके कार्यालय में दो पत्र मिले, जिनमें गांगुली और उनकी पत्नी को जान से मारने तथा उनके करीबी लोगों को नुकसान पहुंचाने की सीधी धमकी दी गई थी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांचकर्ता पत्रों की सामग्री की समीक्षा कर रहे हैं और भेजने वाले की पहचान तथा उसके मकसद का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच से संकेत मिलता है कि ये पत्र कथित तौर पर उत्तर 24 परगना जिले के बेलघरिया के एक व्यक्ति द्वारा कूरियर सेवा के जरिए भेजे गए हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article