क्रिकेट

तीसरे वनडे में आयरलैंड को हराकर अफगानिस्तान ने वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए किया क्वालीफाई

अफगानिस्तान ने आयरलैंड के खिलाफ 5 मैच की वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। 5 मैच की वनडे सीरीज में अफगानिस्तान 2-0 से आगे है और इसके साथ ही उसने वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए क्वालीफाई कर लिया।

Image

अफगानिस्तान (साभार-X)

अफगानिस्तान ने आयरलैंड के खिलाफ 5 मैच की वनडे सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त लेकर वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। बेलफास्ट में खेले गए तीसरे वनडे में विकेटकीपर बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज की आतिशी अर्धशतकीय पारी के दम पर अफगानिस्तान ने आयरलैंड को 3 विकेट से हरा दिया। अफगानिस्तान के सामने जीत के लिए 207 रन का आसान लक्ष्य था, लेकिन आयरलैंड के गेंदबाजों ने अफगानिस्तान के बल्लेबाजों पर लगाम लगाकर रखा। नतीजा 207 रन का लक्ष्य हासिल करने के लिए अफगानिस्तान को 7 विकेट गंवाना पड़ा। रहमानुल्लाह गुरबाज ने मैच विनिंग पारी खेली। उन्होंने 77 गेंद में 2 चौके और 5 छक्कों की मदद से 71 रन की पारी खेली।

राशिद खान ने दिलाई जीत

एक वक्त अफगानिस्तान की टीम 207 रन का पीछा करते हुए 35.4 ओवर में 176 रन के स्कोर पर 7 विकेट गंवा चुकी थी। ऐसा लग रहा था कि अफगानिस्तान की टीम यहां से मैच निकाल नहीं पाएगी, लेकिन राशिद खान ने धैर्य का परिचय देते हुए 8वें विकेट के लिए यामिन अहमदजाई के साथ नाबाद 31 रन जोड़कर अफगानिस्तान को जीत दिला दी।

इससे पहले अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर आयरलैंड को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड की टीम 46.3 ओवर में 206 रन बनाकर ढेर हो गई। आयरलैंड की ओर से गेविन होए ने सर्वाधिक 36 रन की पारी खेली। गेविन के अलावा जय मूंद्रा ने 31 केड कर्माइकल ने 32 रन बनाए। अफगानिस्तान की ओर से राशिद खान और अल्लाह गजनफर ने 3-3 जबकि यामिन अहमदजाई ने 2 विकेट चटकाए।

वनडे वर्ल्ड कप के लिए किया क्वालीफाई

इस जीत के साथ ही अफगानिस्तान ने 5 मैच की वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। पहला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था, जबकि दूसरे मुकाबले में उसने आयरलैंड को 47 ओवर के मैच में 92 रन से हराया था। इसके साथ ही अफगानिस्तान ने वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए ऑटोमैटिक क्वालीफिकेशन हासिल कर लिया है, जबकि वेस्टइंडीज की मुश्किलें बढ़ गई है और लगातार उसे तीसरी बार क्वालीफायर खेलने पड़ सकता है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article