क्रिकेट

कोई कारण नजर नहीं आता, शमी को मौका न मिलने पर सौरव गांगुली ने उठाया सवाल

पूर्व बीसीसीआई चीफ सौरव गांगुली ने तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को लेकर प्रतिक्रिया दी है। शमी चैंपियंस ट्रॉफी के बाद लगातार टीम इंडिया से बाहर हैं और अब उनके सेलेक्शन को लेकर गांगुली ने प्रतिक्रिया दी है।

Image

सौरव गांगुली और मोहम्मद शमी (साभार-X)

पहले ऑस्ट्रेलिया और अब साउथ अफ्रीका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को नहीं चुना गया। अब पूर्व बीसीसीआई चीफ सौरव गांगुली ने शमी के न चुने जाने पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा हमें ऐसा कोई कारण नजर नहीं आता कि मोहम्मद शमी को भारत के लिए ऑलफॉर्मेट में जगह नहीं मिलनी चाहिए। हाल ही में टीम में जगह न मिलने पर खुद इस बल्लेबाज ने खुलकर अपनी निराशा व्यक्त की थी। शमी को न चुने जाने का कारण उनकी फिटनेस की कमी बताया गया। हालांकि, इस अनुभवी तेज गेंदबाज ने गुजरात के खिलाफ रणजी ट्रॉफी में बंगाल के लिए शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने ईडन गार्डन्स में दूसरी पारी में 38 रन देकर 5 विकेट चटकाए थे।

उनके इस स्पेल के कारण बंगला ने 144 रनों से शानदार जीत दर्ज की थी। चार पारी में 10.46 की औसत से शमी ने वापसी पर 15 विकेट चटकाए थे और अपनी वापसी के लिए हर संभव प्रयास किया था। लेकिन टीम मैनेजमेंट के नजर में उनका यह प्रदर्शन काफी नहीं था। बंगाल क्रिकेट संघ (CAB) के अध्यक्ष गांगुली ने मार्च में चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की शानदार जीत के बाद पहली बार शमी की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की वकालत की।

गांगुली ने सोमवार को एक कार्यक्रम के दौरान कहा, "मोहम्मद शमी फिट हैं। वह बेहतरीन गेंदबाजी कर रहे हैं। हमने तीन रणजी ट्रॉफी मैचों में देखा कि उन्होंने अपने दम पर बंगाल को जीत दिलाई। मुझे यकीन है कि चयनकर्ता उन पर नज़र रख रहे हैं। मुझे यकीन है कि शमी और चयनकर्ताओं के बीच बातचीत चल रही है। अगर आप मुझसे फिटनेस और स्किल के बारे में पूछें, तो हम मोहम्मद शमी को जानते हैं। मुझे वास्तव में कोई कारण नहीं दिखता कि वह भारत के लिए टेस्ट, वन-डे और टी-20 क्रिकेट क्यों नहीं खेल सकते?

पिछले महीने वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू टेस्ट के लिए भारतीय टीम की घोषणा के दौरान, मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने शमी की उपलब्धता पर बात की थी और कहा था कि उन्होंने पर्याप्त क्रिकेट नहीं खेला है। इसके जवाब में, शमी ने चयन समिति पर पलटवार करते हुए कहा था कि चयनकर्ताओं को अपने काम के बारे में बताना उनका काम नहीं है। बाद में, अगरकर ने अपनी बात पर अड़े रहे और कहा कि शमी को हाल ही में ऑस्ट्रेलिया में समाप्त हुई एकदिवसीय श्रृंखला के लिए फिटनेस संबंधी चिंताओं के कारण नहीं चुना गया था।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article