क्रिकेट

Smriti Mandhana: भारतीय विमेंस क्रिकेट में नए युग का शुभारंभ, स्मृति मंधाना को मिली कमान

Smriti Mandhana: स्मृति मंधाना को भारतीय विमेंस टीम का नया कप्तान बना दिया गया है। वह हरमनप्रीत कौर की जगह लेंगी जिनकी कप्तानी में हाल ही में भारत ने दूसरी बार एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था।

Image

स्मृति मंधाना (साभार-X)

Smriti Mandhana: मंगलवार, देर शाम बीसीसीआई ने भारतीय विमेंस क्रिकेट टीम के नए कप्तान की घोषणा कर दी है। बीसीसीआई ने नए कप्तान की जिम्मेदारी स्मृति मंधाना को सौंपी है। 2013 से लगातार भारतीय टीम का हिस्सा रही मंधाना विमेंस क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाली खिलाड़ी भी हैं। उन्हें लीडरशिप रोल का भी अच्छा-खासा अनुभव है। एक अनुभवी क्रिकेटर होने के साथ-साथ, उन्होंने घरेलू और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में अपने नेतृत्व क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया है। हाल ही में उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 2026 में विमेंस प्रीमियर लीग में चैंपियन बनाया है। कप्तान के तौर पर यह उनका दूसरा खिताब था। इससे पहले 2024 में उन्होंने आरसीबी को ट्रॉफी दिलाई थी। हालांकि, उन्होंने भारतीय टीम के लिए भी समय-समय पर कप्तानी की है। हरमन की अनुपस्थिति में मंधाना ने 18 टी20 अंतरराष्ट्रीय जबकि 4 वनडे मैच में कप्तानी की है।

नए कप्तान की नियुक्ति का ऐलान हरमनप्रीत कौर के कप्तानी छोड़ने के कुछ घंटे बाद आया है। इससे पहले हरमनप्रीत कौर ने भारी मन से कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया था। हालांकि, उन्होंने अपने पोस्ट में साफ लिखा था कि वह तीनों फॉर्मेट खेलना जारी रखेंगे।

कप्तानी मिलने के बाद मंधाना ने कहा 'भारत की कप्तानी की जिम्मेदारी मिलना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। भारत का प्रतिनिधित्व करना हमेशा से मेरे लिए बहुत मायने रखता है, और अब टीम की कप्तानी करने का अवसर मिलना मेरे लिए बेहद महत्वपूर्ण है। मैं बीसीसीआई, चयनकर्ताओं, अपनी टीम के साथियों और उन सभी लोगों की आभारी हूं जिन्होंने मेरी पूरी यात्रा में मेरा साथ दिया और मुझ पर भरोसा जताया।”

मैंकप्तान के रूप में हरमनप्रीत कौर के टीम के लिए उनके योगदान को स्वीकार करना चाहूंगी। उन्होंने पूरी प्रतिबद्धता के साथ टीम का नेतृत्व किया है। मैं इस भूमिका के साथ आने वाली जिम्मेदारी को समझती हूं और टीम के साथ काम करने, रास्ते में सीखने और भारतीय क्रिकेट को आगे ले जाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए उत्सुक हूं।"

बीसीसीआई सचिव सैकिया और अध्यक्ष मिथुन मिन्हास ने क्या कहा?

मंधाना की नियुक्ति पर बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया और अध्यक्ष मिथुन मिन्हास ने भी प्रतिक्रिया दी है। मिन्हास ने कहा “मैं स्मृति को भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपे जाने पर बधाई देता हूं। उनका लंबा अनुभव आने वाले समय में टीम के लिए बहुमूल्य साबित होगा। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा 'स्मृति को इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई। वह भारतीय टीम की सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक बन चुकी हैं और भारतीय महिला क्रिकेट के सफर के कई अहम पलों का हिस्सा रही हैं। वह भारत का प्रतिनिधित्व करने का महत्व समझती हैं और मुझे विश्वास है कि कप्तान के रूप में वह इस समझ को बखूबी निभाएंगी।”

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article