क्रिकेट

SMAT 2025: केरल ने डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई के खिलाफ किया उलटफेर, सितारों से सजी टीम के खिलाफ केएम आसिफ ने बरपाया कहर

टीम इंडिया के सितारों से सजी डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई को केरल के खिलाफ सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के अहम मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। केएम आसिफ ने अपनी कहर परपाती गेंदबाजी के बल पर मुंबई को विजयी लक्ष्य हासिल नहीं करने दिया।

Image

केएम आसिफ (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

लखनऊ: तेज गेंदबाज केएम आसिफ के पांच विकेट की बदौलत केरल ने बृहस्पतिवार को यहां सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी ग्रुप ए मुकाबले में गत चैंपयन मुंबई को 15 रन से हराकर उलटफेर किया। मुंबई को इस टी20 टूर्नामेंट में अपने पांच मैचों में पहली हार मिली लेकिन फिर भी टीम 16 अंक के साथ ग्रुप में शीर्ष पर है। वहीं केरल अपनी तीसरी जीत के साथ 12 अंक से पांच टीमों के इस पूल में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है जबकि आंध्र भी 12 अंक के साथ दूसरे स्थान पर है। केरल नेट रन रेट में आंध्र से थोड़ा पीछे है।

179 रन के जवाब में 163 रन पर ढेर हुई मुंबई

स्टार खिलाड़ियों से सजी मुंबई टीम 179 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 19.4 ओवर में 163 रन पर ऑल आउट हो गई। भारतीय तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर की अगुआई वाली मुंबई की टीम में भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे जैसे खिलाड़ी शामिल थे। केरल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 178 रन बनाए।

संजू सैमसन ने दिलाई केरल को शानदार शुरुआत

केरल को संजू सैमसन ने शानदार शुरूआत दिलाई। उन्होंने 28 गेंद में 46 रन बनाए जिसमें आठ चौके और एक छक्का शामिल था। हालांकि रोहन कुनुम्मल (02) और सैमसन के आउट होने से केरल का सातवें ओवर में स्कोर दो विकेट पर 58 रन हो गया। सैमसन ने ज्यादातर स्ट्राइक अपने पास रखी और मुंबई के स्टार गेंदबाजों का जिम्मेदारी से सामना किया। उनके आउट होने के बाद स्कोरिंग गति धीमी पड़ गई। विष्णु विनोद ने 40 गेंद में 43 रन बनाए। विनोद ने मोहम्मद अजहरुद्दीन (32) के साथ 63 रन की साझेदारी। तेज गेंदबाज़ शराफुद्दीन की 15 गेंद में 35 रन की पारी ने केरल को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

खराब शुरुआत के बाद सरफराज और रहाणे ने संभाला

मुंबई ने आयुष म्हात्रे (03) के जल्दी आउट होने के बाद अजिंक्य रहाणे (32) और सरफराज खान (52) के बीच दूसरे विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी से टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया। 12वें ओवर में मुंबई का स्कोर तीन विकेट पर 99 रन था और वे आराम से लक्ष्य की ओर बढ़ रहे थे। लेकिन 18वें ओवर में आसिफ (25 रन देकर पांच विकेट) ने मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने एक ही ओवर में सैराज पाटिल (13), सूर्यकुमार (32) और शारदुल (शून्य) के विकेट झटके जिससे स्कोर सात विकेट पर 149 रन हो गया। आसिफ ने आखिरी ओवर में शम्स मुलानी और हार्दिक तामोरे को आउट कर मुंबई की पारी समाप्त कर दी।

असिफ ने चटकाए है सीजन में 13 विकेट

बत्तीस वर्षीय आसिफ को इस सत्र में लखनऊ की इस पिच से काफी सफलता मिली है, उन्होंने अभी तक मुश्ताक अली ट्रॉफी के चार मैच में 13 विकेट लिए हैं। ग्रुप के अन्य मैच में असम ने विदर्भ को 58 रन से जबकि आंध्र ने छत्तीसगढ़ को आठ विकेट से पराजित किया। वहीं ओडिशा ने रेलवे को रोमांचक मैच में एक रन से हरा दिया।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article