दुनिया

Pakistan Bomb Blast: पाकिस्तान में फिर दहला खैबर पख्तूनख्वा, पुलिस चेकपोस्ट पर बम धमाका, 11 की मौत और 20 घायल

Pakistan Bomb Blast: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में डेरा इस्माइल खान के दराजिंदा इलाके में एक पुलिस चेकपोस्ट पर भीषण बम धमाका हुआ है। शनिवार को हुए इस हमले में 11 लोगों की मौत हो गई, जिनमें महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।

Image

डेरा इस्माइल खान में बड़ा आतंकी हमला (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : AP

Pakistan Bomb Blast: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा (Khyber Pakhtunkhwa Terrorism) प्रांत में आतंकवाद का साया गहराता जा रहा है। शनिवार को डेरा इस्माइल खान (DI Khan) जिले के दराजिंदा क्षेत्र स्थित अमन मेला पुलिस चेकपोस्ट पर एक भीषण बम विस्फोट हुआ।

पाकिस्तान न्यूज एजेंसी डॉन के मुताबिक इस दर्दनाक हमले में कम से कम 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहत एजेंसी 'रेस्क्यू 1122' के अधिकारियों के अनुसार, मृतकों में आठ पुरुष, दो महिलाएं और एक मासूम बच्चा शामिल है।

खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान की सीमा के करीब ब्लास्ट

पुलिस ने बताया कि यह घटना DI खान-क्विटा मुख्य मार्ग पर स्थित अमन मेला चेकपोस्ट के पास घटी, जो खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान की सीमा के करीब है। यह चेकपोस्ट पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा नियमित सुरक्षा जांच और वाहनों की चेकिंग के लिए इस्तेमाल की जाती थी। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास का ढांचा ढह गया, जिसके मलबे से पीड़ितों को निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आतंकवादी गतिविधियों में भारी बढ़ोतरी

विस्फोट की प्रकृति और वजह का पता लगाने के लिए बम निरोधक दस्ते को तुरंत मौके पर भेजा गया है। अधिकारियों के मुताबिक घायलों में पुलिसकर्मियों और सीमा शुल्क (कस्टम) कर्मियों के अलावा आम नागरिक भी शामिल हैं। रेस्क्यू टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद दराजिंदा के स्थानीय अस्पतालों और DI खान के मुफ्ती महमूद अस्पताल में भर्ती कराया है। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त एंबुलेंस और राहतकर्मियों को तैनात किया गया है।

गौरतलब है कि हाल के महीनों में खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आतंकवादी गतिविधियों में भारी बढ़ोतरी देखी गई है। कानून प्रवर्तन एजेंसियों और सुरक्षा बलों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने इसी महीने दराबांद इलाके में प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के एक हमले को नाकाम कर दिया था, लेकिन इस ताजा हमले ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article