SL vs AUS 1st Test Pitch Report In Hindi Today Match: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम तीन साल बाद श्रीलंका के दौरे पर टेस्ट सीरीज खेलने पहुंची है। मेजबान श्रीलंकाई टीम और ऑस्ट्रेलियाई टीम (Sri Lanka Vs Australia) के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का आयोजन होगा, जिसका पहला टेस्ट मैच आज से शुरू होगा। ये सीरीज वॉर्न-मुरलीथरन ट्रॉफी (Warne-Muralitharan Trophy) के लिए खेली जाएगी। पहला टेस्ट मैच गॉल (Galle) में होने जा रहा है। आईसीसी की ताजा टेस्ट टीम रैंकिंग में जहां ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम दुनिया की शीर्ष टीम है। वहीं, श्रीलंकाई टेस्ट टीम इन रैंकिंग्स में छठे पायदान पर है। श्रीलंका-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज में मेजबान श्रीलंकाई टीम की कमान धनंजय डी सिल्वा (Dhananjaya de Silva) के हाथों में होगी। जबकि ऑस्ट्रेलियाई टीम की अगुवाई कई सालों बाद एक बार फिर स्टीव स्मिथ (Steve Smith) करते नजर आएंगे क्योंकि नियमित टेस्ट कप्तान पैट कमिंस को आराम दिया गया है। पहले टेस्ट मैच की शुरुआत भारतीय समय के मुताबिक सुबह 10:00 बजे से होगी।
आज से शुरू होने जा रही श्रीलंका-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज से पहले आपको बताते हैं कि टेस्ट क्रिकेट इतिहास में दोनों टीमों के आमने-सामने के आंकड़े कैसे रहे हैं। श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट इतिहास में अब तक 33 टेस्ट मैच ही हुए हैं। इन मैचों में ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा हमेशा ही भारी नजर आया है। ऑस्ट्रेलिया ने 20 मैचों में श्रीलंका को शिकस्त दी है, जबकि श्रीलंकाई टीम सिर्फ 5 मैचों में जीत दर्ज करने में सफल रही। वहीं 8 मैच ड्रॉ रहे। अगर श्रीलंकाई जमीन पर इन दोनों टीमों के बीच हुए टेस्ट मैचों की बात करें तो अब तक श्रीलंका में इनके बीच 18 टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं जिसमें 7 मैच ऑस्ट्रेलिया ने जीते हैं, वहीं मेजबान श्रीलंका अपने ही घर में ऑस्ट्रेलिया को 5 मैचों में मात दे पाई है।
श्रीलंका-ऑस्ट्रेलिया पहले टेस्ट मैच की पिच रिपोर्ट (SL vs AUS 1st Test Pitch Report)
श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के बीच आज से खेला जाने वाला पहला टेस्ट मैच गॉल के गॉल अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम (Galle International Stadium) में खेला जाएगा। इस मैदान की पिच की बात करें तो यहां बल्लेबाजों को काफी मदद मिलती रही है और खूब रनों की बारिश भी देखी जा चुकी है। इस मैदान पर एक पारी में सर्वाधिक टेस्ट स्कोर 3 विकेट पर 704 रन है जो 2023 में श्रीलंका ने आयरलैंड की टीम के खिलाफ बनाया था। वहीं, लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे बड़ी जीत यहां पाकिस्तानी टीम ने 2022 में दर्ज की थी, जब उन्होंने श्रीलंका द्वारा दिए गए 344 रनों के टारगेट को हासिल कर लिया था। इस ग्राउंड पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का औसत स्कोर 369 रन है। गेंदबाजों में यहां स्पिनर्स का बोलबाला रहा है और पूर्व महान श्रीलंकाई स्पिनर मुथैया मुरलीथरन इस मैदान पर सर्वाधिक सफल गेंदबाज रहे थे। ऐसे में दोनों टीमें अपने बेस्ट स्पिनर प्लेइंग-11 में जरूर शामिल करना चाहेंगी। गॉल के मैदान पर अब तक 46 टेस्ट मैच खेले गए हैं जिसमें 25 मैच उस टीम ने जीते हैं जिसने पहले बल्लेबाजी की है। अब तक गॉल अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में ऑस्ट्रेलियाई टीम का इतिहास शानदार रहा है। उन्होंने यहां पर 6 टेस्ट मैच खेले हैं जिसमें तीन मुकाबलों में उन्होंने मेजबान श्रीलंकाई टीम को करारी शिकस्त दी है। जबकि दो मैचों में श्रीलंकाई टीम ने भी ऑस्ट्रेलिया को यहां हराया है। जबकि दोनों टीमों के बीच यहां पर एक मैच ड्रॉ रहा। इनके बीच गॉल में आखिरी बार जुलाई 2022 में टेस्ट मैच हुआ था जिसमें श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को पारी और 39 रन के बड़े अंतर से मात देकर मैच जीता था।
पहले टेस्ट मैच में इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें (Players To Watch Out For In Sri Lanka vs Australia 1st Test)
गॉल अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया की टीमें जब आमने-सामने आएंगी तो कुछ खास खिलाड़ियों पर फैंस की नजरें रहने वाली हैं। मेजबान श्रीलंकाई टीम के लिए उनके कप्तान सिल्वा के साथ-साथ अनुभवी बल्लेबाज दिनेश चंडीमल (Dinesh Chandimal), शानदार लय में दिख रहे कुसल मेंडिस (Kusal Mendis), पथुम निसंका (Pathum Nissanka), कामिंडु मेंडिस (Kamindu Mendis), अनुभवी ऑलराउंडर एंजेलो मैथ्यूज (Angelo Mathews), गेंदबाजों में प्रभात जयसूर्या (Prabath Jayasuriya) पर निगाहें टिकी रहेंगी। वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम में कप्तान स्मिथ के अलावा दिग्गज बल्लेबाज ट्रेविस हेड (Travis Head), नए ओपनर सैम कोंस्टास (Sam Konstas), अनुभवी बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन (Marnus Labuschagne), उस्मान ख्वाजा (Usman Khawaja), मिचेल स्टार्क (Mitchell Starc), स्पिनर नाथन ल्योन (Nathan Lyon) की स्पिन विकेट पर अहम भूमिका रहेगी, जबकि भारत के खिलाफ हाल में चमकने वाले तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड (Scott Boland) से भी फिर से उम्मीदें होंगी।
गॉल के मैदान पर खेले गए पिछले 5 टेस्ट मैचों के स्कोरकार्ड और नतीजे (Last 5 Test Matches Scorecards And Results At Galle)
| तारीख | टीमें | स्कोरकार्ड | नतीजे |
| 16 अप्रैल 2023 | श्रीलंका बनाम आयरलैंड | श्रीलंका- 591/6 dec, आयरलैंड- 143 और 168 ऑलआउट | श्रीलंका पारी और 280 रन से जीता |
| 24 अप्रैल 2023 | श्रीलंका बनाम आयरलैंड | आयरलैंड- 492 और 202 रन, श्रीलंका 704/3 dec | श्रीलंका पारी और 10 रन से जीता |
| 16 जुलाई 2023 | श्रीलंका बनाम पाकिस्तान | श्रीलंका- 312 और 279 रन, पाकिस्तान- 461 और 133/6 | पाकिस्तान 4 विकेट से जीता |
| 18 सितंबर 2024 | श्रीलंका बनाम न्यूजीलैंड | श्रीलंका- 305 और 309 रन, न्यूजीलैंड- 340 और 211 रन | श्रीलंका 63 रन से जीता |
| 26 सितंबर 2024 | श्रीलंका बनाम न्यूजीलैंड | श्रीलंका- 602/5 dec, न्यूजीलैंड- 88 और 360 ऑलआउट | श्रीलंका पारी और 154 रन से जीता |
श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीमें (Sri Lanka And Australia Test Squads)
श्रीलंकाई टेस्ट टीमः धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), दिमुथ करुणारत्ने, ओशादा फर्नांडो, दिनेश चंडीमल, एंजेलो मैथ्यूज, कामिंदु मेंडिस, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), प्रभात जयसूर्या, लाहिरू कुमारा, विश्वा फर्नांडो, असिथा फर्नांडो, सदीरा समरविक्रमा, जेफरी वेंडरसे, निशान पेइरिस, सोनल दिनुषा, मिलन प्रियनाथ रथनायके और लाहिरू उदारा।
ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीमः स्टीव स्मिथ (कप्तान), ट्रेविस हेड, सैम कोंस्टास, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, ब्यू वेबस्टर, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), सीन एबॉट, मिशेल स्टार्क, नाथन ल्योन, स्कॉट बोलैंड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुह्नमैन, नाथन मैकस्वीनी, कूपर कोनोली और टॉड मर्फी।
