क्रिकेट

इस भारतीय जैसा बनना चाहते हैं 6 छक्के जड़ने वाले 20 वर्षीय प्रियांश आर्य

Priyansh Arya wants to become like this Indian cricketer: भारत को एक और युवा बल्लेबाज मिला दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) के जरिए। छह गेंदों में छह छक्के जड़ने वाले प्रियांश आर्य इस समय चर्चा में हैं। इस 20 वर्षीय बल्लेबाज ने बताया है कि वो किस भारतीय क्रिकेटर जैसा बनना चाहते हैं।

Image

प्रियांश आर्य (Instagram)

KEY HIGHLIGHTS
  • 6 छक्कों का नया स्टार प्रियांश आर्य
  • दिल्ली प्रीमियर लीग में धमाल मचा रहा है 20 वर्षीय बल्लेबाज
  • प्रियांश ने बताया किस भारतीय खिलाड़ी जैसा बनना चाहते हैं

दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) में शानदार प्रदर्शन कर रहे प्रियांश आर्य (Priyansh Arya) अपने आदर्श दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) की तरह 18 नंबर की जर्सी पहनते हैं और उन्हें उम्मीद है कि एक दिन आईपीएल में उनकी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) की ओर से खेलेंगे।

मौजूदा टूर्नामेंट में एक ही ओवर में छह छक्के जड़ने वाले पहले खिलाड़ी बने प्रियांश ने कहा कि वह इंडियन प्रीमियर लीग की बड़ी नीलामी में उनके चुने जाने की संभावना को फिलहाल अधिक तवज्जो नहीं दे रहे।

प्रियांश नौ पारियों में दो शतक की मदद से 602 रन बनाकर टीम के सबसे सफल बल्लेबाज हैं। उन्होंने 75.25 के औसत के अलावा 198.0 के शानदार स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं।

प्रियांश ने ‘पीटीआई वीडियो’ को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘‘विराट कोहली मेरे पसंदीदा क्रिकेटर हैं, मैं आरसीबी के लिए खेलना चाहता हूं। मेरी पसंदीदा टीम आरसीबी है और मुझे विराट कोहली बहुत पसंद है, मुझे उनकी आक्रामकता पसंद है। मुझे भी आक्रामक क्रिकेट खेलना पसंद है। वह मेरे आदर्श हैं।’’

लगातार छह छक्कों के बारे में उन्होंने कहा, ‘‘मेरे मन में यह बात थी कि अगर कोई बाएं हाथ का स्पिनर गेंदबाजी करने आएगा तो मैं उसे निशाना बनाऊंगा। चौथे छक्के के बाद मुझे विश्वास होने लगा कि मैं छह छक्के मार सकता हूं और ऐसा करूंगा। आयुष (बडोनी) ने मेरा समर्थन किया और मुझे ऐसा करने के लिए कहा।’’

साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स की ओर से खेलने वाले प्रियांश भारत में राज्य टी20 लीग के एक सत्र में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं और उनकी नजरें डीपीएल ट्रॉफी पर टिकी हैं। उन्होंने कप्तान आयुष बडोनी की उनके नेतृत्व कौशल के लिए प्रशंसा की और कहा कि वह हमेशा सभी को मैदान पर उतरकर अपना स्वाभाविक खेल खेलने के लिए कहते हैं।

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article