गीतकार और लेखक मनोज मुंतशिर (Manoj Muntashir) आए दिन किसी न किसी वजह से चर्चा में बने रहते हैं। वो हर मुद्दे पर अपनी राय बेबाकी से रखते हैं। इस बीच मनोज मुंतशिर का एक वीडियो सामने आया है, जो कि इंटरनेट पर धड़ल्ले से वायरल हो रहा है। इस क्लिप में मनोज मुंतशिर ने अभिजीत दिपके (Abhijeet Dipke) पर निशाना साधा है। अभिजीत को लेकर मनोज मुंतशिर ने ऐसी बात कह दी है कि सोशल मीडिया पर हल्ला मच गया है। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Tanushree Dutta का करियर रहा सुपरफ्लॉप, बॉक्स ऑफिस पर एक के बाद एक फिल्में ढेर)
मनोज मुंतशिर ने अभिजीत दिपके पर साधा निशाना
गीतकार और लेखक मनोज मुंतशिर ने एक वीडियो जारी कर युवाओं, खासकर जेन जी, जेन अल्फा और मिलेनियल्स को संबोधित किया है। वीडियो में उन्होंने कहा कि युवा जिस आंदोलन का हिस्सा बन रहे हैं, उन्हें पहले यह समझना चाहिए कि उसका नेतृत्व कौन कर रहा है और उसके पीछे क्या मकसद है। मनोज के मुताबिक, कुछ युवा अभिजीत दीपके के प्रभाव में आकर सड़कों पर उतर रहे हैं, लेकिन उन्हें अपने नेताओं की मंशा पर भी सवाल उठाने चाहिए। मनोज मुंतशिर ने अभिजीत दीपके पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनका संबंध अरविंद केजरीवाल की टीम से है और वह युवाओं की ऊर्जा का इस्तेमाल राजनीतिक फायदे के लिए कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी आंदोलन में शामिल होने से पहले उसके नेतृत्व और उद्देश्य को समझना जरूरी है। साथ ही उन्होंने स्कूलों की स्थिति को लेकर होने वाले निरीक्षणों पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि कुछ राज्यों में शिक्षा व्यवस्था की समस्याओं को नजरअंदाज किया जाता है, जबकि राजनीतिक रूप से अनुकूल न होने वाली सरकारों पर ज्यादा ध्यान दिया जाता है।
वीडियो में मनोज ने भारत की उपलब्धियों पर सवाल उठाने वाले कुछ लोगों की आलोचना भी की। उन्होंने मंगलयान से लेकर भारतीय पायलट स्मित मच्छार की बहादुरी तक का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि कुछ लोग देश की उपलब्धियों की सराहना करने के बजाय उनमें भी साजिश तलाशते हैं। उन्होंने विदेशी फंडिंग से जुड़े आरोप भी लगाए, हालांकि वीडियो में इन दावों के समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं किया। मनोज ने यह भी कहा कि वह खुद को बीजेपी या सरकार का व्यक्ति नहीं बताते, लेकिन उन्होंने माना कि उनकी विचारधारा आरएसएस और बीजेपी से मेल खाती है। चुनावों और ईवीएम को लेकर उठाए जाने वाले सवालों पर भी उन्होंने अपनी राय रखी। अंत में उन्होंने अभिजीत दीपके से अपील की कि वे अपने राजनीतिक उद्देश्यों के लिए युवाओं को गुमराह न करें।
