उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने एक बड़ा निर्णय लेते हुए नोएडा स्थित जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (Noida International Airport, Jewar) का नाम देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखने का प्रस्ताव राज्य कैबिनेट से पारित कर दिया है। अब इस हवाई अड्डे को 'नरेन्द्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट' के नाम से जाना जाएगा। शुक्रवार को कैबिनेट बैठक की समाप्ति के बाद लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन निर्णयों और प्रस्तावों की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के प्रमुख (पहले गुजरात के मुख्यमंत्री और फिर भारत के प्रधानमंत्री) के रूप में अनवरत 25 वर्षों की समर्पित सेवा यात्रा पूरी होने के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश का मंत्रिपरिषद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हार्दिक अभिनंदन करता है।
देश के इतिहास का गौरवशाली अध्याय
पत्रकारों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 7 अक्टूबर का दिन देश के इतिहास में एक स्वर्णिम और गौरवशाली अध्याय के रूप में दर्ज हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के लिए यह विशेष गौरव का विषय है कि प्रधानमंत्री जी देश की सबसे बड़ी आबादी वाले राज्य (वाराणसी) से लोकप्रिय जनप्रतिनिधि और सांसद के रूप में देश का कुशल नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने 'सेवा ही समर्पण' और 'राष्ट्र प्रथम' को अपना मूलमंत्र मानते हुए राष्ट्र निर्माण को अपना सर्वोच्च ध्येय बनाया है। सीएम योगी ने कहा कि पीएम मोदी की यह 25 वर्षों की यात्रा जनसेवा से जनकल्याण और जनभागीदारी से जनविश्वास अर्जित करने की अनूठी मिसाल है।
काशी से जुड़ाव और यूपी का कायाकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश का रिश्ता बेहद आत्मीय और भावनात्मक है। जब 2014 में पीएम मोदी पहली बार काशी आए थे, तो उन्होंने कहा था कि "मुझे मां गंगा ने बुलाया है।" काशी और मां गंगा से शुरू हुआ यह आत्मीय संबंध समय के साथ निरंतर गहरा होता गया और आज यह उत्तर प्रदेश के सर्वांगीण कायाकल्प का आधार बन चुका है। केंद्र और राज्य के साझा संकल्प और 'टीम इंडिया' की भावना से आज यूपी अभूतपूर्व प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
2017 से पहले बनाम आज का उत्तर प्रदेश
मुख्यमंत्री ने राज्य के प्रशासनिक बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश प्रशासनिक अस्थिरता, जन-जन में असुरक्षा की भावना और बुनियादी सुविधाओं के घोर अभाव से जूझ रहा था। प्रधानमंत्री के विजन से प्रेरणा लेकर राज्य ने नई कार्य संस्कृति को अपनाया। सुदृढ़ कानून व्यवस्था, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश अनुकूल माहौल अब यूपी की वैश्विक पहचान बन चुका है। पीएम उज्ज्वला योजना के तहत राज्य में 1 करोड़ 86 लाख से अधिक मुफ्त एलपीजी कनेक्शन दिए गए। होली व दीपावली पर मुफ्त एलपीजी सिलेंडर बांटे जा रहे हैं। नमामि गंगे अभियान गंगा नदी की निर्मलता और अविरलता के कार्यों का प्रभाव काशी से लेकर पूरे गंगा तट पर स्पष्ट दिखाई दे रहा है। इसके साथ 'लखपति दीदी योजना' के माध्यम से 10 लाख स्वयं सहायता समूहों (SHGs) की 1 करोड़ से अधिक महिलाओं को जोड़कर स्वावलंबी बनाया गया।
जेवर एयरपोर्ट का नामकरण
एविएशन और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की इस ऐतिहासिक छलांग को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) नए भारत का प्रतीक बन रहा है। राज्य कैबिनेट ने सर्वसम्मति से इसे 'नरेन्द्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट' नाम देने का प्रस्ताव स्वीकृत किया है, जिसे अब नागरिक उड्डयन मंत्रालय और केंद्र सरकार को औपचारिक प्रक्रिया के लिए भेजा जा रहा है।
