क्रिकेट

IND vs ZIM: भारत की प्लेइंग इलेवन में होगा बदलाव, संजू सैमसन को मिल सकता है मौका

भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक को बाएं हाथ के इस खिलाड़ी की काबिलियत पर कोई शक नहीं है जो पेट में संक्रमण के कारण नामीबिया के खिलाफ ग्रुप मैच में नहीं खेल पाए थे। उन्होंने अभिषेक शर्मा को बैक किया है। वहीं, संजू सैमसन के भी खेलने से इनकार नहीं किया। सितांशु कोटक के बयान से लगता है कि जिम्बाव्बे के खिलाफ संजू सैमसन खेलते हुए दिखाई दे सकते हैं।

Image

संजू सैमसन को मिल सकता है प्लेइंग इलेवन में मौका। फोटो- AP

चेन्नई, भाषा। भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने खराब फॉर्म में चल रहे सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के लय में लौटने का समर्थन किया है। गुरुवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 विश्व कप सुपर-8 मैच में शीर्ष क्रम में रणनीतिक बदलाव से इनकार नहीं किया, जिसमें संजू सैमसन को खिलाना भी शामिल है। आईसीसी के इस बड़े टूर्नामेंट से पहले शानदार फॉर्म में चल रहे अभिषेक के लिए अब तक चीजें मुश्किलें रही हैं। उन्होंने चार मैचों में 3.75 के औसत और 75 के स्ट्राइक-रेट से सिर्फ 15 रन बनाए हैं।

हालांकि, कोटक को बाएं हाथ के इस खिलाड़ी की काबिलियत पर कोई शक नहीं है जो पेट में संक्रमण के कारण नामीबिया के खिलाफ ग्रुप मैच में नहीं खेल पाए थे। कोटक ने जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच की पूर्व संध्या पर प्रेस कांफ्रेंस में कहा, 'अभिषेक की तबीयत खराब होने के बाद वह लय में नहीं आ पाए। लेकिन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछले मैच में वह अच्छी लय में लग रहा था। किसी एक व्यक्ति के बारे में जरूरत से ज्यादा सोचना व्यक्तिगत रूप से मुझे कभी पसंद नहीं है।'

ज्यादा फोकस से आए दबाव में

उन्होंने कहा, 'अगर हम किसी एक व्यक्ति पर इतना फोकस करेंगे तो जाहिर है, वह खिलाड़ी भी दबाव में आ जाएगा। जब वह 30, 40 गेंद में 80, 70, 90 या 100 रन बना रहा था, उस समय कोई बात नहीं कर रहा था। हमारा काम उसे सकारात्मक रखना है। एक बार जब वह फिर से आक्रामक बल्लेबाजी करना शुरू कर देगा तो आप फिर से वही अभिषेक देखेंगे। टी20 में, कोई गारंटी नहीं दे सकता कि वह अगले मैच में ऐसा करेगा। तो मुझे लगता है कि वह (अभिषेक बड़े स्कोर बनाने से) दूर नहीं है।'

संजू सैमसन को मिल सकता है मौका

इस टूर्नामेंट में ऑफ-स्पिनरों के खिलाफ अभिषेक का संघर्ष साफ दिख रहा है। वह नीदरलैंड के आर्यन दत्त जैसे नए खिलाड़ी के खिलाफ भी आउट हो चुके हैं। तो क्या जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में स्पिनरों का सामना करने के लिए संजू सैमसन को मौका दिया जा सकता है? कोटक ने इस बात से इनकार नहीं किया कि टीम प्रबंधन इस विकल्प पर भी सोच रहा है, लेकिन बदलावों के बारे में कुछ नहीं बताया।

उन्होंने कहा, 'हां, बदलाव हो सकते हैं क्योंकि बाएं हाथ के दो खिलाड़ी पारी का आगाज कर रहे हैं और नंबर तीन पर भी बाएं हाथ का खिलाड़ी है और प्रतिद्वंद्वी टीम स्पिन गेंदबाजी कर रही है। मुझे नहीं लगता कि इसमें कोई समस्या है, लेकिन क्योंकि हम पिछले मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार गए थे, हमने पहले ओवर में एक विकेट गंवा दिया था। तो जाहिर है, कोई भी टीम यही सोचेगी।'

तिलक वर्मा की खराब बल्लेबाजी

कोटक ने कहा, 'देखेंगे कि क्या होता है क्योंकि हम कभी भी टीम बहुत जल्दी तय नहीं करते हैं। अपनी योजना पहले से बताना ठीक नहीं है। लेकिन इस पर बातचीत तो होगी ही। ’’ सौराष्ट्र के इस दिग्गज ने यहां नेट्स पर सैमसन के अभिषेक से पहले बल्लेबाजी करने के बारे में भी कुछ कहने से इनकार कर दिया। यह बात हर नेट पर सामान्य है, अभिषेक शुरू में बल्लेबाजी नहीं करता। वह हमेशा दूसरी और तीसरी जोड़ी में बल्लेबाजी करता है। संजू सामान्य तौर पर हमेशा ऊपर बल्लेबाजी करता है क्योंकि अभिषेक पहले बल्लेबाजी नहीं करता। और संजू तीसरा सलामी बल्लेबाज और विकेटकीपर है।'

भारतीय टीम के लिए दूसरी चिंता तीसरे नंबर के बल्लेबाज तिलक वर्मा (118) का स्ट्राइक रेट रहा है जिसने भारत को ईशान किशन से मिलने वाली लय से वंचित कर दिया। हालांकि, कोटक को तिलक के बल्लेबाजी करने के तरीके में कोई कमी नहीं लगी।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article