स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) ने 22 अगस्त 2026 को बैंकॉक, थाईलैंड में सभी सदस्य देशों की भागीदारी के साथ अपनी वार्षिक आम बैठक (AGM) सफलतापूर्वक आयोजित की। बैठक में एसीसी कार्यकारी बोर्ड के चुनाव, एसीसी अध्यक्ष पद की रोटेशन नीति और विभिन्न एसीसी समितियों के गठन सहित प्रमुख प्रशासनिक मामलों पर चर्चा की गई।
बैंकॉक में हुई इस अहम बैठक में सभी सदस्य देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान सर्वसम्मति से यूएई एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड के उपाध्यक्ष खालिद अलजारूमी (Khalid Alzarooni) को नया एसीसी उपाध्यक्ष चुना गया। इसके साथ ही एसोसिएट और नॉन-टेस्ट प्लेइंग फुल मेंबर्स के लिए एक्जीक्यूटिव बोर्ड के सदस्यों के चुनाव भी संपन्न हुए।
ACB को मिली प्रेसिडेंसी की योग्यता
सबसे बड़ा प्रशासनिक निर्णय अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड को लेकर रहा, जिसे अब भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश की तर्ज पर एसीसी प्रेसिडेंसी के योग्य बना दिया गया है। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड को प्रेसिडेंसी के रोटेशनल फ्रेमवर्क में शामिल किया गया। यह निर्णय क्षेत्रीय क्रिकेट के विस्तार की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। यानी की अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सदस्य अब एसीसी के अध्यक्ष बन सकते हैं।
एसीसी समितियों का गठन
आम बैठक में परिषद के शासन, प्रशासन, क्रिकेट विकास, प्रतियोगिताओं, वित्त और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग के लिए विभिन्न एसीसी समितियों के गठन को भी मंजूरी दी गई। एशियाई क्रिकेट परिषद ने पूरे एशियाई क्षेत्र में क्रिकेट को और मजबूत करने, उभरते क्रिकेट देशों के लिए अवसरों का विस्तार करने और सभी स्तरों पर खेल के सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए अपने सभी सदस्यों के साथ मिलकर काम करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की।
