क्रिकेट

IND vs NZ: 'तो भी हम यह मैच हार जाते क्योंकि...,' शुभमन गिल ने ऐसा क्यों कहा?

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में भारत केएल राहुल के 112 रन की नाबाद शतकीय पारी की बदौलत 284 रन का सम्मानजनक स्कोर बना सका। कप्तान शुभमन गिल ने 56 रन का योगदान दिया। जब टारगेट के बचाव की बारी आई तो गेंदबाज जल्दी-जल्दी विकेट नहीं निकाल पाए। मैच के बाद गिल ने हार के कारण बताए।

Image

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में भारत को मिली हार। फोटो- AP

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। राजकोट में खेले गए दूसरे वनडे मैच में न्यूजीलैंड ने भारतीय टीम को 7 विकेट से शिकस्त दी। कीवी टीम ने डेरिल मिचेल की नाबाद 131 रनों की पारी की बदौलत 284 रन के लक्ष्य को 47.3 ओवर में हासिल कर लिया। तीन मैच की सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर पहुंच गई हैं। इंदौर में खेले जाने वाला मुकाबला फाइनल होगा।

मैच में भारत केएल राहुल के 112 रन की नाबाद शतकीय पारी की बदौलत 284 रन का सम्मानजनक स्कोर बना सका। कप्तान शुभमन गिल ने 56 रन का योगदान दिया। जब टारगेट के बचाव की बारी आई तो गेंदबाजों और फील्डरों ने साथ नहीं दिया। इससे कप्तान गिल निराश दिखे। मैच के बाद उन्होंने कहा कि मिडिल ओवर में विकेट ना मिलने से मैच हाथ से निकल गया।

गेंदबाजों को नहीं मिली विकेट

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा, मिडिल ओवर्स में हम कोई विकेट नहीं ले पाए। जब सर्कल के अंदर पांच फील्डर होते हैं और विकेट नहीं मिलते, तो काम बहुत मुश्किल हो जाता है। 15-20 रन ज्यादा भी होते तो भी हम यह मैच हार जाते।

बल्लेबाजी के लिए पिच आसान

284 के स्कोर पर कप्तान गिल ने कहा, जब साझेदारी बन जाती है, तो सेट बल्लेबाज को आगे जाकर बड़ी पारी खेलनी चाहिए थी। गेंदबाजी से हमें ठीक ठाक शुरुआत मिली, लेकिन मिडिल ओवर्स में उन्होंने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की। पहले 10-15 ओवर्स में गेंद अच्छा काम कर रही थी। उसके बाद पिच आसान हो गई। हम थोड़ा और साहस दिखा सकते थे और ज्यादा जोखिम ले सकते थे।

'खिलाड़ियों ने मौके को नहीं भुनाया'

फील्डिंग पर गिल ने कहा, पिछले मैच में भी हमने कुछ मौके गंवा दिए थे। यह एक ऐसी चीज है, खासकर इस टीम के साथ, हम हमेशा फील्डिंग में सुधार करने की कोशिश करते रहते हैं। यह एक ऐसा पहलू है जिसमें हम हमेशा सुधार करने का प्रयास करते हैं। और हां, अगर आप इस फॉर्मेट में मिले मौकों को नहीं भुनाते हैं तो हमेशा हार ही मिलती है।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच आखिरी वनडे मैच में इंदौर में खेला जाएगा। 18 जनवरी को होना वाला मुकाबला सीरीज का फाइनल मैच बन गया है। यह मैच जीतने वाली टीम सीरीज पर कब्जा जमाएगी।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article