भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैच की वनडे सीरीज का दूसरा मैच राजकोट में खेला गया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट 284 रन बनाए। केएल राहुल ने नाबाद 112 रन और कप्तान गिल ने 56 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही। हालांकि, विल यंग और डेरिल मिचेल ने पारी को संभाल लिया।
दोनों ने 152 गेंद पर 162 रन की साझेदारी कर टीम को मुश्किल स्थिति से निकालकर जीत की नींव रख दी। विल यंग शतक बनाने से चूक गए। वह 98 गेंद पर 87 रन बनाकर आउट हुए। कुलदीप ने रेड्डी के हाथों के कैच आउट करवाया। हालांकि, दूसरे छोर पर अर्धशतक जमा चुके मिचेल ने धैर्य नहीं खोया।
न्यूजीलैंड के इस शानदार बल्लेबाज ने 96 गेंद पर 7 चौके और तीन छक्के की मदद से अपने वनडे करियर का 8वां शतक जड़ा। वहीं, भारत में भारत के खिलाफ तीसरा शतक जड़ा। इस मामले में वह एबी डिविलियर्स के बाद भारत में इंडिया के खिलाफ शतक जड़ने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए। एबी डिविलियर्स ने भारत में 11 इनिंग में 5 शतक जड़े हैं। वहीं, मिचेल ने 7 पारियों में तीन शतक जड़ दिए हैं। वह भारत के खिलाफ तीन शतक जड़ने वाले पहले कीवी खिलाड़ी बने।
कीवी बल्लेबाज ने 18 जनवरी, 2023 में भारत में अपना पहला मैच खेला था। अब तक वह भारत में कुल 15 मैच की 14 पारियों में कुल 801 बनाए हैं। इसमें तीन शतक और तीन अर्धशतक शामिल है। मिचेल ने साल 2023 के वनडे वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ दो शतक जड़े थे। मिचेल ने भारत के खिलाफ पिछली चार पारियों में 50 या उससे ज्यादा रन की पारी खेली है।
मौजूदा वर्ल्ड नंबर-2 बल्लेबाज का वनडे वर्ल्ड कप 2023 के दौरान धर्मशाला में भारत के खिलाफ मिचेल का बल्ला गरजा था। स्टार बल्लेबाज ने 192 गेंद पर 130 रन की पारी खेली थी। इसके बाद सेमीफाइल में भी भारत के खिलाफ 180 गेंद पर 134 रन की आकर्षक पारी खेली। हालांकि, न्यूजीलैंड मैच नहीं जीत सका था।
इस सीरीज में मिचेल ने वडोदरा वनडे मैच में 110 गेंद पर 84 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली थी। इनकी पारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने 300 का आंकड़ा छूआ था। डेवोन कॉनवे और हेनरी निकोल्स ने भी अर्धशतकीय पारी खेली थी।
डेरिल मिचेल की नाबाद 131 रन की शतकीय पारी की बदौलत राजकोट में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा। न्यूजीलैंड ने भारत को 7 विकेट से मात दी। इस जीत के साथ मेहमान टीम ने 1-1 की बराबरी कर ली है। अब तीसरे मैच को जीतने वाली टीम सीरीज पर कब्जा जमाएगी। मिचेल को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब मिला।