दुनिया

ब्रिटेन के अमेरिकी सैन्य एयरबेस पर हमले की साजिश ईरान ने रची? ब्रिटिश PM का बड़ा दावा

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम ने कहा कि इंग्लैंड के RAF फेयरफोर्ड सैन्य एयरबेस पर कथित हमले की साजिश के पीछे ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड का हाथ होने की लगभग पूरी संभावना है। मामले में सात संदिग्ध गिरफ्तार हुए, लेकिन सभी जमानत पर रिहा हैं।

Image

ब्रिटेन में अमेरिकी सैन्य एयरबेस पर कथित हमले की जांच जारी

Photo : AP

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम ने कहा है कि इंग्लैंड में अमेरिकी सेना के इस्तेमाल वाले सैन्य एयरबेस RAF फेयरफोर्ड पर कथित हमले की साजिश के पीछे ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) का हाथ होने की पूरी संभावना है। इस मामले में पुलिस सात लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, हालांकि सभी संदिग्ध जमानत पर रिहा हो चुके हैं और अब तक किसी के खिलाफ आरोप तय नहीं किए गए हैं।

बर्नहैम ने सोमवार को सांसदों को बताया कि ब्रिटिश सरकार के आकलन के मुताबिक, साजिश का समन्वय ईरान में होने की प्रबल संभावना है और इसे लगभग निश्चित रूप से ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड ने निर्देशित किया था। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन अपनी जमीन पर इस तरह के खतरों को बर्दाश्त नहीं करेगा। ईरान ने इस कथित साजिश में अपनी भूमिका से इनकार किया है। तेहरान ने ब्रिटेन से अपने आरोपों के समर्थन में सबूत पेश करने को भी कहा है।

एयरबेस के आसपास से लोगों को निकाला गया था

RAF फेयरफोर्ड पर कथित हमले की जांच के दौरान 27 सितंबर को आसपास के ग्रामीण इलाके से बड़ी संख्या में लोगों को उनके घरों से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था। उस समय सशस्त्र पुलिस अधिकारियों और सेना के बम निरोधक विशेषज्ञों ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया था। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल पर गिरफ्तार किए गए शुरुआती पांच संदिग्धों से जुड़े तीन वैन में पेट्रोल मिला था। इसे आग लगाने में इस्तेमाल किया जा सकने वाला पदार्थ बताया गया, लेकिन वाहनों से कोई विस्फोटक बरामद नहीं हुआ।

इस मामले में गिरफ्तार सभी सातों संदिग्धों की उम्र 20 से 29 वर्ष के बीच बताई गई है। पुलिस ने उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की है। अधिकारियों के अनुसार, इनमें छह ब्रिटिश नागरिक हैं, जबकि एक व्यक्ति के पास ब्रिटेन और ईरान, दोनों की नागरिकता है। सभी को जमानत पर रिहा कर दिया गया है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article