क्रिकेट

वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले गिल हुए इंजर्ड, जानें ताजा अपडेट

वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया जमकर पसीना बहा रही है। इस क्रम में शुक्रवार की शाम गिल अभ्यास सत्र के दौरान चोटिल हो गए हैं। इस दौरान रोहित शर्मा ने गिल से उनका हालचाल जाना।

Image

शुभमन गिल (साभार-X)

भारत और वेस्टइंडीज के बीच 3 मैच की वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया के लिए एक बुरी खबर सामने आ रही है। कप्तान शुभमन गिल प्रैक्टिस के दौरान चोटिल हो गए हैं। पहला वनडे 27 सितंबर को ग्रीनफील्ड क्रिकेट स्टेडियम तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले जब टीम इंडिया अभ्यास में जुटी थी तो शुक्रवार देर शाम मोहम्मद सिराज की एक गेंद शुभमन गिल को जा लगी। सिराज की यह गेंद गिल के केहुनी में जाकर लगी। उसके बाद उन्हें नेट्स से बाहर ले जाया गया। चोट लगने के आधे घंटे से अधिक समय बाद भी शुभमन गिल नेट से दूर थे और उनकी दाहिनी कोहनी पर पट्टी बंधी थी। इस दौरान रोहित शर्मा ने गिल से उनका हालचाल जाना।

कितनी गंभीर है चोट?

ऐसे में सवाल उठता है कि क्या 27 सितंबर को होने वाले पहले वनडे में गिल के खेलने पर कोई सस्पेंस है। रिपोर्ट की मानें तो गिल बाद में नेट्स में लौटे जिससे यह साबित होता है कि उनकी चोट ज्यादा गंभीर नहीं है और पहले वनडे में वह कप्तानी करते नजर आएंगे। टीम इंडिया के लिए गिल खासे जरूरी हैं। साल 2026 की बात करें गिल वनडे क्रिकेट के सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं। टॉप-10 में वह अकेले भारतीय बल्लेबाज हैं। गिल ने 9 मैच की 8 पारी में 93.50 की औसत और 110.65 की स्ट्राइक रेट से 561 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने एक शतक और 5 अर्धशतक जड़े हैं। इस दौरान उनका सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर 154 रन है।

वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की टीम (India ODI Squad)- शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, रुतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (उप-कप्तान), ध्रुव जुरेल, नितीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, यशस्वी जयसवाल, नमन धीर, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज और औकिब नबी।

भारत और वेस्टइंडीज का वनडे शेड्यूल-

पहला वनडे मैच- 27 सितंबर (रविवार)- तिरुवनंतपुरम- समय दोपहर 2:00 बजे

दूसरा वनडे मैच- 30 सितंबर (बुधवार)- गुवाहाटी- समय दोपहर 2:00 बजे

तीसरा वनडे मैच- 3 अक्टूबर (शनिवार)- न्यू चंडीगढ़- समय दोपहर 2:00 बजे

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article