क्रिकेट

India Next Test Captain: इंग्लैंड दौरे पर युवा खिलाड़ी को मिल सकती है टीम इंडिया की कमान

India Next Test Captain: 20 जून से शुरू होने वाले भारत और इंग्लैंड टेस्ट सीरीज से पहले बीसीसीआई के सामने टीम इंडिया का नया टेस्ट कप्तान चुनने की चुनौती है। रोहित के इस क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद यह जगह खाली हुई है। टेस्ट में भारत के नए कप्तान बनने की रेस में गिल सबसे ऊपर हैं।

Image

शुभमन गिल और ऋषभ पंत (साभार-x)

India Next Test Captain: प्रतिभाशाली बल्लेबाज शुभमन गिल को टेस्ट में भारतीय टीम की कमान सौंपी जा सकती है, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत नए उप-कप्तान होंगे। उप-कप्तान का चयन सरल लगता है, क्योंकि पंत विदेशी परिस्थितियों में भारत के बेहतरीन टेस्ट बल्लेबाजों में से एक हैं और जसप्रीत बुमराह का कद इतना बड़ा है कि उन्हें उप-कप्तान की भूमिका के लिए नहीं चुना जा सकता है और साथ ही जब उनकी खुद की फिटनेस भी संदिग्ध है तो उनका पूरी श्रृंखला के लिए खेलना अनिश्चित है।

पंत ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका में शतकों के साथ 42 से अधिक के औसत से इस प्रारूप में सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक हैं। वह इन देशों में सात बार 90 और 99 के बीच स्कोर बना चुके हैं। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ‘‘अगर बुमराह कप्तान नहीं हैं तो उन्हें उप-कप्तानी की पेशकश करने का कोई मतलब नहीं है। ’’

क्रिकेट जगत जहां करिश्माई विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की इच्छा से हैरान है तो वहीं पता चला है कि चयन समिति ने इंग्लैंड में उन्हें कप्तानी सौंपने के विचार पर विचार किया है ताकि गिल को खुद को निखारने के लिए कुछ और समय मिल सके। अभी तक कोहली ने कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है और माना जा रहा है कि उन्हें इंग्लैंड में आगामी पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला में खेलने के लिए कहा जाएगा क्योंकि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उनके अनुभव की जरूरत होगी, विशेषकर तब जब रोहित शर्मा ने भी टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है।

हालांकि बीसीसीआई ने कोहली के टेस्ट करियर के संबंध में उनसे हुई बातचीत पर चुप्पी साधी हुई है। पीटीआई ने चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर और बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया से संपर्क किया लेकिन उन्होंने अभी तक इस सवाल का जवाब नहीं दिया है। बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा, ‘‘यह सच है कि चयनकर्ताओं ने इंग्लैंड श्रृंखला के लिए कोहली को भारतीय कप्तान बनाने के बारे में सोचा था। इससे गिल को कप्तानी की भूमिका में ढलने के लिए कुछ समय मिल जाता। बुमराह की फिटनेस समस्याओं के कारण अजीत अगरकर की समिति की पंसद गिल लग रहे हैं। ’’

केएल राहुल को विकल्प के रूप में नहीं माना जा रहा है क्योंकि वह पहले से ही 33 से अधिक उम्र के हैं और बेंगलुरु के इस खिलाड़ी के लिए निरंतरता एक मुद्दा रहा है, भले ही वह ऑस्ट्रेलिया में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में से एक थे। उनका 11 साल के टेस्ट कैरियर के बाद 50 मैचों में 35 से कम का औसत प्रभावशाली नहीं है।

इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम की घोषणा मई के तीसरे हफ्ते के अंत में की जाएगी जबकि भारत ए टीम की घोषणा अगले सप्ताह की शुरुआत में की जाएगी।

अगर टेस्ट दौरे के लिए नए खिलाड़ियों में से एक का चयन निश्चित है तो वह तमिलनाडु के बाएं हाथ के साई सुदर्शन ही होंगे जिन्होंने अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो वह या तो पारी की शुरुआत करेंगे या तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आएंगे।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article