क्रिकेट

IND vs NZ: ग्लेन फिलिप्स ने बताया तीसरे दिन कैसी होगी पिच और हवा क्या भूमिका निभाएगी

Glenn Phillips On Pitch And Condition On Day 3 Of Wellington Test: ग्लेन फिलिप्स का मानना ​​है कि भारत के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के आगे बढ़ने के साथ वेलिंगटन के मैदान की पिच धीमी होती जाएगी और गेंद नीचे रहेगी जिससे कि स्पिनरों की भूमिका अधिक महत्वपूर्ण हो जाएगी। उन्होंने और भी दिलचस्प बातें कही हैं, यहां जानिए।

Image

ग्लेन फिलिप्स

Photo : AP

IND vs NZ 1st Test Day 3 Pitch Report: न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स का मानना है कि भारत के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के आगे बढ़ने के साथ बेसिन रिजर्व की पिच धीमी होती जाएगी और गेंद नीचे रहेगी जिससे कि स्पिनरों की भूमिका अधिक महत्वपूर्ण हो जाएगी। न्यूजीलैंड की पहली पारी के 368 रन में महत्वपूर्ण 118 रन बनाने वाले फिलिप्स ने कहा कि पिच पहले से ही धीमी होने के संकेत दे रही थी।

फिलिप्स ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद शुक्रवार को पत्रकारों से कहा, "मुझे लगता है कि टेस्ट मैच में अभी दोनों टीम का पलड़ा बराबरी पर है। भारतीय गेंदबाजों ने नई गेंद का अच्छा इस्तेमाल किया लेकिन हम 368 रन बनाकर संतुष्ट हैं। भारतीय सलामी जोड़ी ने भी शानदार साझेदारी निभाई। पिच धीमी होती जा रही है और इस पर गेंद नीचे रह रही है।"

फिलिप्स का मानना है कि जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ेगा तो इस मैच के लिए दोनों टीम में शामिल तीन स्पिनरों वह खुद, रचिन रविंद्र और भारत के वाशिंगटन सुंदर की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो जाएगी। उन्होंने कहा, "जैसे-जैसे टेस्ट मैच आगे बढ़ेगा, मेरी, रचिन और वाशी की भूमिका और भी महत्वपूर्ण होती जाएगी। बेसिन रिजर्व में हालांकि तेज गेंदबाजों को मदद मिलती रही है लेकिन यहां मैंने प्लंकेट शील्ड में पांच विकेट लिए थे।"

फिलिप्स ने कहा, "हमने देखा है कि अगर आप गेंद को अधिक तेज गति से फेंकते हैं तो उसे उछाल मिल सकता है। मैं यह नहीं कह रहा कि ऐसा होगा, लेकिन हम ऐसी उम्मीद कर सकते हैं।"

फिलिप्स ने यह भी बताया कि वह वेलिंगटन में हवा की भूमिका को देखते हुए वह तेज गेंदबाजों की किस तरह से मदद कर सकते हैं। उन्होंने कहा, "मेरी भूमिका हवा के विपरीत एक छोर से गेंदबाजी करने की होगी जिससे तेज गेंदबाज हवा के साथ गेंदबाजी कर सकें।"

फिलिप्स ने भारतीय गेंदबाजों में विशेष रूप से जसप्रीत बुमराह का जिक्र किया जिन्हें खेलना आसान नहीं है। उन्होंने कहा, "बुमराह शानदार गेंदबाज हैं और वह सबसे बड़ा खतरा हैं। आपको दूसरे गेंदबाजों पर रन बनाने के मौके मिलते हैं लेकिन बुमराह के सामने ऐसा लगता है कि आप गेंद तक पहुंचने में देर कर रहे हैं।"

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article