क्रिकेट

PAK vs NAM: पाकिस्तान ने किया बाबर और शाहीन को नजरअंदाज, ऑलराउंडर ने बताई क्या है सच्चाई

टी20 वर्ल्ड कप अपने आखिरी ग्रुप मुकाबले में नामीबिया के खिलाफ बाबर आजम को बल्लेबाजी के लिए नहीं भेजा गया। वहीं, शाहीन शाह अफरीदी को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली। जिस पर ऑलराउंडर शादाब खान ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दोनों स्टार खिलाड़ियों को नजरअंदाज किए जाने के पीछे की पूरी सच्चाई बताई। उन्होंने पाकिस्तान टीम मैनेजमेंट की पूरी रणनीति का खुलासा कर दिया है।

Babar and Shaheen

टी20 वर्ल्ड कप में बाबर आजम और शाहीन की हुई अनदेखी। फोटो- AP

कोलंबो, भाषा। पाकिस्तान को भारत से बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद सुपर-8 में जगह बनाने के लिए उसे अपना आखिरी ग्रुप मुकाबला हर हाल में जीतना था। उसने बुधवार को नामीबिया पर 102 रन की बड़ी जीत के साथ टी20 विश्व कप के सुपर आठ के लिए क्वालीफाई किया। मैच में बाबर आजम को बल्लेबाजी करने के लिए नहीं भेजा गया। वहीं, शाहीन अफरीदी को प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया।

इस पर मैच के बाद शादाब ने पत्रकारों से कहा, एक पेशेवर खिलाड़ी के तौर पर, आप इन बातों को दिल पर नहीं ले सकते। टीम का माहौल और संदेश बहुत साफ हैं, इसलिए यह किसी भी खिलाड़ी के लिए कोई समस्या नहीं है। हर कोई टीम को जीत दिलाने में मदद करने की कोशिश कर रहा है। सुपर आठ मुश्किल होंगे। दबाव वाले मैच होंगे। आखिर में, आप कुछ ही चीजों को नियंत्रित कर सकते हैं, इसलिए आपको उन्हें नियंत्रित करने पर फोकस करना चाहिए।

'संदेश साफ'

जब शादाब से पूछा गया कि बाबर को बल्लेबाजी के लिए क्यों नहीं भेजा गया और क्या पाकिस्तान के सिलेक्शन फैसलों में कोई दिक्कत थी तो उन्होंने कहा कि यह प्रयोग का मामला नहीं था। उन्होंने कहा, क्या आपको सच में लगता है कि पाकिस्तान इतने प्रयोग करता है? मुझे ऐसा नहीं लगता। हमारा संदेश बहुत साफ हैं। अगर आप बाबर को बल्लेबाजी के लिए नहीं बुलाने की बात कर रहे हैं तो वह अच्छी तरह जानता है कि उसका भूमिका कब आएगी। हर खिलाड़ी के लिए संदेश साफ हैं। टीम हालात के हिसाब से बदलती है और यही हो रहा है।

वसीम अकरम पर साधा निशाना

शादाब ने कहा कि भारत के खिलाफ मैच से पहले वसीम अकरम से उनकी कोई बात नहीं हुई थी, जिसमें उन्होंने एक महंगा ओवर फेंका था। उन्होंने कहा, नहीं, मैंने वसीम से किसी भी बारे में बात नहीं की। जहां तक आलोचना की बात है तो आप उसे नियंत्रित नहीं कर सकते। हर किसी की अपनी राय होती है। मुझे लगता है कि सिर्फ एक ओवर ऐसा था जहां चीजें ठीक नहीं हुईं और उसकी वजह से मुझे बहुत आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। एक बुरा दिन या एक बुरा ओवर हो सकता है। यह टी20 क्रिकेट है, आप रन दे सकते हैं या आप विकेट ले सकते हैं। मैं इसके बारे में ज्यादा नहीं सोचता।

'आलोचना क्रिकेट के इतिहास का हिस्सा'

शादाब ने आगे कहा, हमारे पूर्व क्रिकेटरों की अपनी राय है और उन्होंने पाकिस्तान के लिए बहुत अच्छे प्रदर्शन किए हैं। लेकिन आखिर में विश्व कप में भी हमने एक टीम के तौर पर नतीजे हासिल किए हैं जैसे 2021 में भारत को हराना। आलोचना क्रिकेट के इतिहास का हिस्सा हैं।

क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

उमेश कुमार
उमेश कुमार author

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से... और देखें

End of Article