दिसंबर में होने वाले वर्ल्ड टी20 कॉन्टिनेंट कप (WT20CC) शुरू होने से पहले विवादों में आ गया है। दिसंबर में होने वाले इस टूर्नामेंट में एशिया वॉरियर्स की टीम की तरफ से शिखर धवन को शामिल किया गया था। लेकिन अब इसमें एक नया मोड़ आ गया है। टीम इंडिया के गब्बर शिखर धवन ने अब इसका खंडन किया है। धवन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा 'मुझे पता चला है कि मेरा नाम वर्ल्ड टी20 कॉन्टिनेंट कप में प्रतिभागी के रूप में शामिल है। आयोजकों ने मेरी जानकारी या अनुमति के बिना मेरे नाम का इस्तेमाल किया है, और मेरी टीम इस मामले में उचित कानूनी कार्रवाई करेगी। मैं मीडिया और अपने प्रशंसकों से अनुरोध करता हूं कि वे इस तरह की किसी भी घोषणा पर भरोसा न करें और न ही उसे प्रसारित करें।
एशिया वॉरियर्स में 17 सदस्य
4 टीमों के बीच होने वाले इस टूर्नामेंट में शिखर धवन को एशिया वॉरियर्स के स्क्वॉड में रखा गया था। 17 सदस्यीय इस स्क्वॉड में सबसे ज्यादा 5 खिलाड़ी श्रीलंका से है। इसके अलावा बांग्लादेश और पाकिस्तान से 3-3 खिलाड़ी, अफगानिस्तान और ओमान से एक-एक खिलाड़ी शामिल है। शिखर धवन सहित भारत के चार खिलाड़ियों को इस स्क्वॉड में शामिल किया गया था, लेकिन अब धवन ने इसका खंडन कर दिया।

एशिया वॉरियर्स की टीम में भारतीय खिलाड़ी (स्क्रीनशॉट)
भारत के इन 4 खिलाड़ियों का नाम शामिल
एशिया वॉरियर्स की इस टीम में भारत के चार नाम को शामिल किया गया है। भारत की ओर से अभिमन्यू मिथुन, शिखर धवन, राहुल शर्मा और गुरकीरत सिंह मान को शामिल किया गया था।
चार टीमों का टूर्नामेंट
इस टूर्नामेंट में एशिया, अफ्रीका, यूरोप और उत्तरी अमेरिका की 4 टीम होगी। ये चार टीम एशिया वॉरियर्स, अफ्रीका लायंस, यूरोप चैंपियन और नॉर्थ अमेरिका ईगल के नाम से उतरेगी। इसमें कुल 9 मैच खेले जाएंगे। इस टूर्नामेंट का उद्देश्य दुनिया भर के दिग्गज क्रिकेटरों को एक मंच पर लाकर फैंस को रोमांच प्रदान करना है। आयोजकों ने अभी तक इस टूर्नामेंट का पूरा शेड्यूल जारी नहीं किया है। वर्ल्ड टी20 कॉन्टिनेंट कप हांगकांग में खेला जाएगा।
