स्पोर्ट्स

राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिपः भारत के दिग्गज खिलाड़ियों को मिली हार, हुए बड़े उलटफेर

National Ranking Table Tennis Championship: राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप में बड़े उलटफेर देखने को मिले जहां भारत के कई जाने-माने खिलाड़ियों को हार का सामना करना पड़ा है। इन उलटफेरों का शिकार होने वाले में मनिका बत्रा और हरमीत देसाई भी शामिल रहे।

Image

मनिका बत्रा (FILE)

Photo : PTI

दूसरी राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप में बड़े उलटफेर देखने को मिले जहां पुरुष एकल में चौथी वरीयता प्राप्त हरमीत देसाई और महिला एकल में दूसरी वरीय यशस्विनी घोरपड़े को हारकर बाहर होना पड़ा। मनिका बत्रा भी शुरुआती सफलता के बाद अंतिम-32 के मुकाबले में हार के साथ टूर्नामेंट से बाहर हो गईं।

पहले दौर में बाई मिलने के बाद हरमीत को सीधे अंतिम-128 के मुकाबले में उतरना पड़ा, जहां क्वालीफायर रुसिकेश जगताप ने उन्हें 3-1 (11-9, 1-11, 11-9, 12-10) से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया। महिला एकल में यशस्विनी को तमिलनाडु की अनन्या मुरलीधरन के खिलाफ करीबी मुकाबले में 2-3 (13-11, 10-12, 7-11, 11-1, 11-7) से हार का सामना करना पड़ा। पांच गेम तक चले इस मुकाबले में अनन्या ने अहम मौकों पर बेहतर खेल दिखाया।

शीर्ष वरीय सिंड्रेला दास ने अंतिम-32 के मुकाबले में श्रीजा अकुला को 11-9, 11-7, 11-6 से हराकर आसानी से अगले दौर में जगह बनाई। तीसरी वरीय दीया चितले ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए मनिका बत्रा को 11-2, 12-10, 12-10 से मात दी। इससे पहले देश की शीर्ष खिलाड़ियों में शामिल श्रीजा ने कर्नाटक की वंशिका देशाना और बंगाल की सान्वी रॉय को हराकर अंतिम 32 में जगह बनाई थी।

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) का प्रतिनिधित्व कर रहीं श्रीजा ने कड़े मुकाबले में वंशिका को 12-10, 11-7, 11-5 से हराने के बाद बंगाल की सान्वी रॉय को 11-4, 11-4, 11-7 से मात दी थी। पीएसपीबी का प्रतिनिधित्व कर रही राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता मनिका ने केनरा बैंक की मारिया रोनी को 16-14, 11-2, 9-11, 11-7 से पराजित करने के बाद भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) की एनबीएस तनुजा के खिलाफ पहला गेम गंवाने के बाद 6-11, 11-5, 11-6, 12-10 से जीत दर्ज की।

पहले दौर में बाई पाने वाली सिंड्रेला ने दूसरे दौर में क्वालीफायर दित्सा रॉय को 11-7, 11-6, 11-6 से हराया। दीया ने भी बाई मिलने के बाद दिल्ली की गरिमा गोयल को 11-4, 11-8, 11-7 से हराकर आसान जीत दर्ज की।

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article