शहर

Rajasthan Weather Update: मौसम ने ली करवट, ओले गिरने से बढ़ी रात की सर्दी, तीन दिन आंधी-बारिश का अलर्ट

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से कल यानी बुधवार 14 और गुरुवार 15 अक्टूबर को 16 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है।

Image

राजस्थान में मौसम ने ली करवट, रात को ठंड का एहसास

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मौसम ने अब करवट ले ली है। सुबह और रात के समय ठंड का एहसास होने लगा है। खासतौर पर बीते दिनों हुई आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के बाद मौसम का मिजाज पलट गया है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में आज यानी मंगलवार 13 अक्टूबर को कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं, बुधवार 14 और गुरुवार 15 अक्टूबर को नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के असर से 16 जिलों में तेज बारिश और आंधी का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस मौसमी बदलाव का असर 16 अक्टूबर तक रहने की संभावना है।

बीते चार दिनों से मौसम में आए बदलाव के कारण राज्य में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। राजस्थान के 10 जिलों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। ऐसे में रात के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है, जबकि दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का असर अब भी बना हुआ है।

आज से एक्टिव होगा नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस

मौसम जानकारों के अनुसार, राजस्थान में आज से एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने की संभावना है। इसके प्रभाव से बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में आंधी और बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बुधवार 14 अक्टूबर को राज्य के पांच जिलों में और 15 अक्टूबर को 11 जिलों में तेज बारिश होने की संभावना है। दोनों दिन के लिए जारी अलर्ट के तहत संबंधित इलाकों में मौसम खराब रह सकता है। हालांकि, बारिश का असर सभी जिलों में एक जैसा रहने की संभावना नहीं है।

रात में ठंड, दिन में पारा 35 पार

राजस्थान में 10 और 11 अक्टूबर को बीकानेर संभाग में बारिश और ओलावृष्टि हुई थी। इसके बाद रात के तापमान में गिरावट आने से मौसम में हल्की ठंडक बढ़ी है।

सोमवार रात सिरोही राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उदयपुर में न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं, दिन के समय तापमान अब भी 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। सोमवार को झुंझुनूं जिले के पिलानी में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

सोमवार को धूप से बढ़ा दिन का तापमान

सोमवार को राज्य के अधिकांश इलाकों में मौसम साफ रहा और दिनभर धूप खिली रही। पिलानी, बाड़मेर, चूरू और जोधपुर सहित कुछ शहरों में अधिकतम तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोोतरी दर्ज की गई। अब नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के एक्टिव होने से बारिश और आंधी के कारण तापमान में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article