शहर

वैशाली में नाव हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत, मृतकों में ज्यादातर बच्चे, PM मोदी ने मुआवजे का किया ऐलान

वैशाली में गंगा नदी में नाव पलटने से हुए हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई। मृतकों में ज्यादातर बच्चे बताए जा रहे हैं। पीएम मोदी ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की।

Image

वैशाली के राघोपुर में बड़ा नाव हादसा, अब तक 13 लोगों की मौत

Photo : Times Now Digital

Vaishali Boat Accident: बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में गंगा नदी में नाव पलटने से हुए हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत हो गई। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। हादसा रामपुर श्यामचंद गांव के पास हुआ, जहां नाव पर सवार लोग भोज में शामिल होने के लिए पड़ोसी गांव जा रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।

नाव पर सवार थे कई लोग, सात लोगों को बचाया गया

वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में सामने आया कि एक निजी नाव पर 15 से 20 बच्चे सवार थे और उन्हें पास के गांव ले जाया जा रहा था। नाव नदी में पलट गई। उन्होंने बताया कि अब तक सात लोगों को बचाकर एनएमसीएच भेजा गया है। उनकी हालत स्थिर है। जिलाधिकारी ने बताया कि हादसे में 13 शव निकाले गए हैं और उनमें ज्यादातर बच्चे हैं। नाव पर कुल कितने लोग सवार थे, इसकी शुरुआत में पुख्ता जानकारी नहीं मिल सकी थी। एनडीआरएफ की टीम मौके पर मौजूद है और स्थानीय नाविकों की मदद से भी बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

पीएम मोदी ने की 2 लाख रुपये की सहायता की घोषणा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के वैशाली में नाव पलटने की घटना पर दुख जताया। प्रधानमंत्री कार्यालय के आधिकारिक एक्स पोस्ट के मुताबिक, पीएम मोदी ने कहा कि हादसे में लोगों की जान जाना बेहद दुखद है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के प्रत्येक परिजन को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, हादसे में घायल लोगों को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की मदद कर रहा है।

बचाव अभियान जारी, मौतों की संख्या बढ़ने की आशंका पर नजर

जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने बताया कि एनडीआरएफ और स्थानीय नाविकों की मदद से बचाव अभियान जारी है। उन्होंने कहा कि प्रोटोकॉल के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी और अधिक से अधिक लोगों की जान बचाना प्राथमिकता है। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article