दुनिया

रियाद पर हूतियों के मिसाइल हमले में चार घायल, 15 आवासीय इमारतों को नुकसान, सऊदी अरामको को भी बनाया निशाना

सऊदी अरब के पूर्वी शहर धाहरान में मंगलवार को सऊदी अरामको (Saudi Aramco) के प्रशासनिक भवन को एक बैलिस्टिक मिसाइल ने निशाना बनाया, जिससे वहां आग लग गई।

Image

सऊदी अरब पर हूतियों का मिसाइल हमला

Photo : AP

Houthi Attack on Saudi Arabia: सऊदी अरब की राजधानी रियाद में मंगलवार को हूती विद्रोहियों द्वारा दागी गईं दो बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया गया, लेकिन उनके मलबे के आवासीय इलाकों में गिरने से चार लोग घायल हो गए। सऊदी अरब के सिविल डिफेंस विभाग ने एक बयान में बताया कि मिसाइलों के मलबे की चपेट में आने से दो महिलाओं, एक पुरुष और एक बच्चे को चोटें आई हैं। इसके अलावा, मलबे गिरने से 15 आवासीय इमारतों को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है।

अधिकारियों के मुताबिक, यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने इन मिसाइलों को राजधानी को निशाना बनाकर लॉन्च किया था, जिन्हें समय रहते डिफेंस सिस्टम द्वारा हवा में ही इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया गया।

सऊदी अरामको के प्रशासनिक भवन पर मिसाइल हमला

सऊदी अरब के पूर्वी शहर धाहरान में मंगलवार को सऊदी अरामको (Saudi Aramco) के प्रशासनिक भवन को एक बैलिस्टिक मिसाइल ने निशाना बनाया, जिससे वहां आग लग गई। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। सऊदी स्टेट न्यूज एजेंसी (SPA) ने ऊर्जा मंत्रालय के हवाले से यह जानकारी दी। अरामको के एक कंपनी सूत्र ने रॉयटर को बताया कि मिसाइल ने पूर्वी सऊदी अरब स्थित इस कॉम्प्लेक्स के एक ऑफिस टॉवर की ऊपरी तीन मंजिलों को नुकसान पहुंचाया, जिससे वहां आग भड़क उठी।

यह कॉम्प्लेक्स दुनिया की सबसे बड़ी तेल कंपनी अरामको के मुख्य ऑपरेशन सेंटर के रूप में काम करता है और इसके ऑनशोर-ऑफशोर ऑयल रिग, पाइपलाइन, रिफाइनरी और एक्सपोर्ट टर्मिनल की निगरानी करता है।

रियाद और अन्य क्षेत्रों में भी हमले

सऊदी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने बताया कि धाहरान के ऊपर एक मिसाइल को हवा में ही नष्ट कर दिया गया, जिसके टुकड़े एक रिहायशी इलाके में गिरे। इसके अलावा, अधिकारियों ने राजधानी रियाद और देश के दक्षिणी हिस्से में कई ड्रोन और मिसाइलों को मार गिराने की पुष्टि की है।

प्रिंस सलमान की कड़ी चेतावनी

क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान की अध्यक्षता में हुई सऊदी मंत्रिमंडल की बैठक में चेतावनी दी गई है कि किंगडम पर लगातार हो रहे इन हमलों का हूती विद्रोहियों को गंभीर परिणाम भुगतना होगा।

हालिया हफ्तो में हूतियों द्वारा रियाद एयरपोर्ट समेत कई अहम ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए गए हैं। पिछले शनिवार को रियाद एयरपोर्ट पर हुए बैलिस्टिक मिसाइल हमले में 13 लोगों की मौत हो गई थी, जो पिछले एक दशक में सऊदी अरब में हुआ सबसे घातक हमला माना जा रहा है। इन हमलों के चलते देश भर में उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article