स्पोर्ट्स

Denmark Open 2026: डेनमार्क ओपन के पहले ही दौर से बाहर हुए लक्ष्य और सिंधू, श्रीकांत जीते

बैडमिंटन में भारत का खराब प्रदर्शन जारी है। डेनमार्क ओपन में भी निराशा सामने आई जब जीत के दावेदार पीवी सिंधू और लक्ष्य शर्मा पहले ही दौर से हारकर बाहर निकल गए। हालांकि, किदांबी श्रीकांत दूसरे दौर में पहुंचने में कामयाब रहे।

Image

डेनमार्क ओपन 2026 (BAI Media)

भारत की पीवी सिंधू और लक्ष्य सेन मंगलवार को डेनमार्क ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के पहले दौर में हारकर बाहर हो गए जबकि किदांबी श्रीकांत और तन्वी शर्मा ने अपने-अपने एकल मुकाबलों में कड़े संघर्ष के बाद जीत दर्ज करके दूसरे दौर में जगह बनाई। एसजेएफ बैंक एरेना में खेले गए महिला एकल के पहले दौर के मुकाबले में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता और पूर्व विश्व चैंपियन सिंधू को जर्मनी की उनसे कम रैंकिंग वाली यवोन ली के खिलाफ एक घंटे पांच मिनट तक चले मुकाबले में 21-13, 23-25, 19-21 से हार का सामना करना पड़ा। सिंधू ने एशियन गेम्स में भी निराश किया था और अब पहले ही दौर में उनके हार ने उनके खेल पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वहीं पुरुष एकल के पहले दौर में लक्ष्य शर्मा को भी हार का सामना करना पड़ा। लक्ष्य को चीनी ताइपे के तीसरी वरीयता प्राप्त चोउ टिएन चेन ने एक घंटे तीन मिनट तक चले मुकाबले में 21-18, 13-21, 21-15 से हराया। भारत के लिए अच्छी खबर लेकर आए किदांबी श्रीकांत जो अपना पहला मुकाबला जीतने में कामयाब रहे। उन्होंने पुरुष एकल के एक अन्य मुकाबले में फ्रांस के अरनॉड मर्कल को 46 मिनट में 22-20, 21-19 से शिकस्त दी। अब उनका सामना इस 9,50,000 अमेरिकी डॉलर इनामी सुपर 750 टूर्नामेंट के प्रीक्वार्टर फाइनल में फ्रांस के सातवीं वरीयता प्राप्त एलेक्स लेनिएर से होगा। श्रीकांत ने 2017 में यहां खिताब जीता था।

महिला एकल में तन्वी को भी जापान की नात्सुकी निदाइरा के खिलाफ जीत दर्ज करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। उन्होंने एक घंटे 12 मिनट तक चले मुकाबले में 21-17, 16-21, 21-19 से जीत हासिल की। अगले दौर में उनका सामना जर्मनी की यवोन ली से होगा। पिछले कुछ वक्त में भारतीय बैडमिंटन का स्तर लगातार गिरा है जो चिंता का विषय है। एशियन गेम्स में भी केवल एक ब्रॉन्ज आया था वो भी टीम इवेंट में, बाकी सभी ने निराश किया था।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article