स्पोर्ट्स

बीसीसीआई ने इस कारण स्थगित की 15 अक्टूबर को होने वाली बैठक

बीसीसीआई ने 15 अक्टूबर को होने वाली बैठक को स्थगित कर दिया है। बैठक इसलिए टाली गई है, क्योंकि 15 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नयी दिल्ली में एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष और महिला टीमों को सम्मानित करेंगे।

Image

आईपीएल (साभार-X)

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से जुड़े हितधारकों के बीच बृहस्पतिवार को मुंबई में होने वाली बैठक स्थगित कर दी गई है। बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने मंगलवार को यह जानकारी दी। आईपीएल के अगले साल अपने ऐतिहासिक 20वें सत्र में प्रवेश करने की तैयारियों के बीच बीसीसीआई ने 15 अक्टूबर को मुंबई में संयुक्त हितधारक बैठक बुलाई थी। बैठक इसलिए टाली गई है, क्योंकि 15 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नयी दिल्ली में एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष और महिला टीमों को सम्मानित करेंगे। इस समारोह में बीसीसीआई के अधिकारियों को भी शामिल होना है।

सैकिया ने बीसीसीआई की ओर से जारी बयान में कहा, "15 अक्टूबर 2026 को मुंबई में आईपीएल फ्रेंचाइजी मालिकों, मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ), आईपीएल की मेजबानी करने वाले राज्य संघों और प्रसारकों के साथ होने वाली बैठक स्थगित कर दी गई है।"

उन्होंने कहा, ’’ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 15 अक्टूबर को नयी दिल्ली में हाल ही में संपन्न 20वें एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय पुरुष और महिला टीमों को सम्मानित करने वाले हैं। ऐसे में बीसीसीआई के अधिकारियों को इस समारोह में उपस्थित रहना होगा।’’ सैकिया के अनुसार, बोर्ड को विभिन्न हितधारकों की ओर से भी बैठक स्थगित करने के अनुरोध मिले थे।

उन्होंने कहा, "इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए और अधिक से अधिक हितधारकों की व्यक्तिगत उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बैठक स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।’’ बीसीसीआई सचिव ने बताया कि बैठक की नयी तारीख और स्थान की जानकारी उचित समय पर साझा की जाएगी।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article