क्रिकेट में रिटायरमेंट से वापसी के ऐसे ढेरों उदाहरण हैं जब देश की खातिर खिलाड़ी ने अपने फैसले को बदल दिया। एक और उदाहरण के तौर पर साउथ अफ्रीका की तेज गेंदबाज ने भी रिटायरमेंट से वापसी का मन बना लिया है। अनुभवी तेज गेंदबाज शबनिम इस्माइल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का फैसले को पलट दिया है और वो अगले महीने होने वाली वर्ल्ड कप में प्रोटियाज टीम में वापसी करने के लिए तैयार हैं। हालांकि, इस पर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नही आई है। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 37 वर्षीय तेज गेंदबाज ने क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका के क्रिकेट निदेशक को वापसी के लिए सहमति दे दी है।
दक्षिण अफ्रीका को घरेलू मैदान पर पहली बार महिला टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंचाने में अहम रोल निभाने वाली इस्माइल ने 2023 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। उनके जाने से प्रोटियाज टीम की गेंदबाजी आक्रमण, विशेष रूप से तेज गेंदबाजी विभाग में एक ऐसी कमी आई जिसे अब तक पूरा नहीं किया जा सका है।
हालांकि, इसके बावजूद दक्षिण अफ्रीका ने आईसीसी प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन जारी रखा। 2024 में टी20 विश्व कप फाइनल में पहुंचने वाली दक्षिण अफ्रीकी टीम ने पिछले साल भारत में हुए वनडे विश्व कप के फाइनल में भी जगह बनाई थी। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बावजूद, इस्माइल दुनिया भर में फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेल रही है। उन्होंने विमेंस प्रीमियर लीग, द हंड्रेड और महिला बिग बैश लीग जैसे टूर्नामेंटों में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। महिला क्रिकेट में उनकी गति और आक्रामकता बेजोड़ है, और महिला क्रिकेट में सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड आज भी उन्हीं के नाम है।
उनकी वापसी से दक्षिण अफ्रीका की अनुभवी गेंदबाजी जोड़ी एक बार फिर नजर आ सकती है। मारिजान काप और इस्माइल की जोड़ी कमाल कर सकती है।दक्षिण अफ्रीकी टीम 13 जून को मैनचेस्टर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ महिला टी20 विश्व कप अभियान की शुरुआत करेगी, और इस्माइल की संभावित वापसी उस टीम को काफी मजबूत कर सकती है।
