नई दिल्ली, (भाषा)। वरिष्ठ खेल पत्रकार जसविंदर सिद्धू की यहां एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। सिद्धू की उम्र 50 साल से अधिक थी। उन्होंने अपने करियर में हिंदुस्तान, दैनिक जागरण, अमर उजाला और हिंदुस्तान टाइम्स सहित कई मीडिया संगठनों के लिए काम किया। उन्होंने फ्रीलांस काम भी किया।
यह जानलेवा दुर्घटना रविवार देर रात पूर्वी दिल्ली में हुई और उन्हें गंभीर चोटों के कारण पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। दिल्ली के ’प्रेस क्लब ऑफ इंडिया’ ने बयान जारी करके शोक जताया है।
प्रेस क्लब ने जताया दुख
क्लब ने कहा, हम एक सड़क दुर्घटना में अनुभवी खेल पत्रकार जसविंदर सिद्धू की असमय मौत से बहुत दुखी हैं। वह प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में एक जानीमानी और सम्मानित हस्ती थे। उनके जाने से भारतीय पत्रकारिता को बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। खेल पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अटूट पेशेवरपन और समझदारी भरी रिपोर्टिंग ने उन्हें मीडिया जगत में बहुत सम्मान दिलाया। हम उनके परिवार, मित्रों, सहकर्मियों और उन सभी लोगों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं जो उनके जीवन का हिस्सा रहे। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।
स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स फेडरेशन ने दी श्रद्धांजलि
वहीं, स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SJFI) ने भी वरिष्ठ खेल पत्रकार जसविंदर सिद्धू के असामयिक निधन पर गहरा दुख और शोक व्यक्त किया। SJFI ने लिखा, जसविंदर सिद्धू के शोक संतप्त परिवार, दोस्तों और सहयोगियों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है। हम प्रार्थना करते हैं कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और उनके परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति और साहस दे। खेल पत्रकारिता जगत एक ऐसे प्रतिष्ठित साथी के निधन पर शोक व्यक्त करता है, जिनके इस पेशे में दिए गए योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
