स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत के जदुमणि सिंह मंडेन्गबाम ने 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स में एक और शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान के सुमामा रहमान को हराकर मेंस के 55 किग्रा बॉक्सिंग क्वार्टर-फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। जदुमणि की इस जीते से भारत की मेडल की उम्मीद अभी जिंदा है। इस जीत के साथ जदुमणि क्वार्टर-फाइनल में पहुंच गए हैं, जहां मेडल राउंड में जगह बनाने के लिए मंगलवार को उनका मुकाबला इंग्लैंड के एलिस ट्रॉब्रिज से होगा।
मणिपुर के इस बॉक्सर ने ग्लासगो में रविवार को हुए राउंड ऑफ 16 के मुकाबले में 5-0 से शानदार जीत हासिल की। उन्होंने पूरे मुकाबले के दौरान अपने पाकिस्तानी प्रतिद्वंद्वी पर नियंत्रण बनाए रखा और अंतिम आठ में जगह बनाई। इस जीत के साथ जदुमणि का गेम्स में शानदार प्रदर्शन जारी रहा। इससे पहले उन्होंने राउंड ऑफ-32 में स्कॉटलैंड के एरॉन कलन पर एकतरफा जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की थी।
कारगिल हीरोज को समर्पित की जीत
जदुमणि ने अपनी शानदार शुरुआती जीत का सिलसिला आगे बढ़ाया। कलन के खिलाफ एकतरफा प्रदर्शन के बाद जदुमणि आत्मविश्वास के साथ प्री-क्वार्टर फ़ाइनल में उतरे थे, जबकि रहमान शुरुआती राउंड में 'बाई' मिलने के बाद ताजगी के साथ मुकाबले में आए थे। जीत के बाद उन्होंने कहा, 'ये जीत मैं कारगिल हीरोज को समर्पित करता हूं। क्वार्टर फाइनल में और अच्छा करूंगा और भारत के लिए गोल्ड जीतूंगा।'
लवलीना बोरगोहेन ने भी दर्ज की जीत
भारत ने ग्लासगो में 14 सदस्यों वाली बॉक्सिंग टीम भेजी है, जिसमें सात मेंस और सात महिला बॉक्सर शामिल हैं। टीम से कई और मेडल जीतने की उम्मीद है। वहीं, लवलीना ने भारत के लिए बॉक्सिंग में पहला मेडल पक्का किया। ओलंपिक मेडलिस्ट लवलीना बोरगोहेन के जरिए भारत ने इन गेम्स में बॉक्सिंग का अपना पहला मेडल पक्का कर लिया है।
महिलाओं के 75 किग्रा वर्ग में हिस्सा ले रहीं लवलीना को सेमी-फाइनल में सीधे 'बाय' (bye) मिला, जिससे कम से कम ब्रॉन्ज मेडल मिलना तय हो गया। क्योंकि कॉमनवेल्थ गेम्स के नियमों के अनुसार सेमी-फाइनल में हारने वाले दोनों खिलाड़ियों को पोडियम पर जगह मिलती है।
सचिन सिवाच ने भी बढ़ाई मेडल की उम्मीद
31 जुलाई को सेमीफाइनल में उनका मुकाबला तुवालु की तारोना खानुम बादी पासोनी ताफाकी से होगा, जहां गोल्ड मेडल के मुकाबले में जगह बनाने का दांव लगा होगा। सचिन सिवाच भी आगे बढ़े ग्लासगो में भारत का बॉक्सिंग अभियान और भी आगे बढ़ रहा है।
मेंस के 60 किग्रा वर्ग में मेडल की बड़ी उम्मीद माने जा रहे सचिन सिवाच 'राउंड ऑफ 32' से आगे बढ़ गए हैं। उन्होंने एक कड़े मुकाबले में कनाडा के किओमा अल-अहमदियेह को 4-1 के 'स्प्लिट फ़ैसले' से हराया। हरियाणा के भिवानी के रहने वाले 26 वर्षीय सचिन का अगला मुकाबला सोमवार को इंग्लैंड के विलियम हेविट से होगा, जिसमें क्वार्टर-फाइनल में जगह बनाने का दांव लगा होगा।
