क्रिकेट

टीम में इंडिया में कौन है फेडरर और कौन अल्काराज, संजू सैमसन ने की टेनिस स्टार से तुलना

संजू सैमसन ने टीम इंडिया के खिलाड़ियों की तुलना टेनिस दिग्गज खिलाड़ियों से की। उन्होंने बताया कि कौन टीम इंडिया के भीतर रोजर फेडरर और कौन अल्काराज है। उन्होंने जियोहॉटस्टार से बात करते हुए ये बातें कही है।

Image

संजू सैमसन (साभार-x)

विंबलडन से पहले क्रिकेट और टेनिस के बीच समानता पर बात करते हुए भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की तुलना टेनिस के महान खिलाड़ी रोजर फेडरर से की और विराट कोहली के आक्रामक अंदाज की तुलना स्पेन के स्टार कार्लोस अल्कारेज से की।

दुनिया के बेहतरीन टेनिस स्टार विंबलडन के लिए तैयार हो रहे हैं और ऐसे में सैमसन ने टेनिस और क्रिकेट के दिग्गजों के बीच तुलना की। सैमसन ने ’जियो स्टार’ से कहा, ’’क्रिकेट के रोजर फेडरर? वह महेंद्र सिंह धोनी ही हो सकते हैं। वह अपने काम को बहुत शांत और संयमित तरीके से करते हैं।’’

उन्होंने कहा, ’’दूसरी ओर कार्लोस अल्कारेज बहुत आक्रामक हैं। ठीक वैसे ही जैसे विराट भाई ने शुरुआत की थी। शायद विराट कोहली की तुलना अल्कारेज से की जा सकती है।’’ भारत की महिला टीम ने अपना पहला एकदिवसीय विश्व कप जीतकर इतिहास रखा था और इसके कुछ ही महीनों बाद पुरुष टीम ने घरेलू मैदान पर टी20 विश्व कप जीता।

टी20 विश्व कप में लगातार तीन मैच में 50 से अधिक रन बनाने वाले सैमसन को भारत की खिताबी जीत के दौरान टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया और उन्होंने कहा कि महिला टीम की कामयाबी ने पुरुषों को प्रेरित किया। सैमसन ने कहा, ’’हम सभी फाइनल देख रहे थे। मेरे परिवार के सदस्य और बाकी सभी लोग टीवी से चिपके हुए थे। यह देश में हम सभी के लिए एक खास पल था। हम लंबे समय से इसका इंतजार कर रहे थे।’’

उन्होंने कहा, ’’हमें पता था कि हम विश्व कप जीतने में सक्षम हैं। मैं टीम की सभी खिलाड़ियों के लिए बहुत खुश था। इसके पीछे बहुत मेहनत थी। यह हम सभी के लिए गर्व का पल था।’’ सैमसन ने कहा, ’’मुझे लगता है कि हमारे लिए बहुत ऊंचे मानक तय किए गए थे। उन्होंने विश्व कप जीता और हमें ऐसे मुकाम पर पहुंचाया जहां हमें लगा कि हम भी भारत में ऐसा ही कर सकते हैं। यह बहुत शानदार पल था कि दोनों विश्व कप भारत में हुए और हमने उन्हें जीता।’’ भारतीय महिला टीम अभी इंग्लैंड में टी20 विश्व कप खेल रही है और उसका अगला मुकाबला छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से होगा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article