क्रिकेट

इंडिया-ए के खिलाफ चार दिवसीय मैच के लिए कोन्सटास और मैकस्वीनी को ऑस्ट्रेलिया-ए टीम में जगह

IND A vs AUS A: भारत के खिलाफ पिछली बोर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट पदार्पण करने वाले सलामी बल्लेबाज सैम कोन्सटास और नाथन मैकस्वीनी को बृहस्पतिवार को ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ टीम में शामिल किया गया जो अगले महीने लखनऊ में भारत ‘ए’ टीम के खिलाफ चार दिवसीय दो मैच खेलेगी।

Image

सैम कोंस्टास

Photo : AP

भारत के खिलाफ पिछली बोर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट पदार्पण करने वाले सलामी बल्लेबाज सैम कोन्सटास और नाथन मैकस्वीनी को बृहस्पतिवार को ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ टीम में शामिल किया गया जो अगले महीने लखनऊ में भारत ‘ए’ टीम के खिलाफ चार दिवसीय दो मैच खेलेगी।

कोन्सटास ने पिछली भारत-ऑस्ट्रेलिया श्रृंखला के दौरान मैकस्वीनी की जगह ली थी लेकिन शीर्ष क्रम में अपनी जगह पक्की नहीं कर पाए। कैरेबियाई दौरे में उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा जबकि उनकी टीम ने वेस्टइंडीज पर पूरी तरह से दबदबा बनाया। उन्नीस वर्षीय कोंस्टास ‘ए’ टीम में चुने गए मौजूदा टेस्ट टीम के एकमात्र खिलाड़ी हैं जबकि अन्य अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों में मैकस्वीनी, कूपर कोनोली और स्पिनर टॉड मर्फी शामिल हैं।

कोन्स्टास ने मेलबर्न टेस्ट में अपने पदार्पण पर काफी प्रभाव डाला था। उन्होंने आक्रामक अर्धशतक बनाया और भारतीय सुपरस्टार विराट कोहली ने उन्हें कंधे से धक्का दिया था। बाद में उनकी अन्य भारतीय खिलाड़ियों के साथ बहस भी हुई लेकिन वह शुरुआती उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके।

एकादश में जगह नहीं बना पाने के कारण उन्हें श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैच की श्रृंखला से शेफील्ड शील्ड में खेलने के लिए वापस भेज दिया गया था। अब तक सात टेस्ट मैच खेलने वाले मर्फी ने 2022-23 में भारत दौरे के दौरान बोर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के चारों मैच खेले और उस श्रृंखला में 14 विकेट लिए जिसमें ऑस्ट्रेलिया 1-2 से हार गया।

ऑस्ट्रेलिया के चयनकर्ताओं के अध्यक्ष जॉर्ज बेली के हवाले से ‘क्रिकेट.कॉम.एयू’ ने कहा, ‘‘उपमहाद्वीप का दौरा कई अनूठी चुनौतियां और बल्ले और गेंद से विभिन्न कौशल का उपयोग करने का अवसर प्रदान करता।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि इन परिस्थितियों का बार-बार अनुभव प्राप्त करने से खिलाड़ियों को भविष्य के उपमहाद्वीपीय दौरों के लिए अपने खेल की एक प्रभावी पद्धति और समझ विकसित करने में मदद मिलेगी।’’

लाल गेंद की टीम में पिछले महीने डार्विन में श्रीलंका ए के खिलाफ नाबाद 202 रन बनाने वाले जेसन संघा और भारत में टेस्ट खेलने का अनुभव रखने वाले मैथ्यू रेनशॉ की कमी खलेगी। चार दिवसीय दो मैच लखनऊ में 16-19 सितंबर और 23-26 सितंबर तक खेले जाएंगे जबकि तीन एकदिवसीय मैच क्रमशः 30 सितंबर, तीन और पांच अक्टूबर को होंगे।

टीमें इस प्रकार है

चार दिवसीय मैच: जेवियर बार्टलेट, कूपर कोनोली, जैक एडवर्ड्स, आरोन हार्डी, कैंपबेल केलावे, सैम कोन्सटास, नाथन मैकस्वीनी, लांस मॉरिस, टॉड मर्फी, फर्गस ओनील, ओलिवर पीक, जोश फिलिप, कोरी रोचिचियोली और लियाम स्कॉट।

वनडे टीम: कूपर कोनोली, हैरी डिक्सन, जैक एडवर्ड्स, सैम इलियट, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, आरोन हार्डी, मैकेंजी हार्वे, टॉड मर्फी, तनवीर संघा, लियाम स्कॉट, लैची शॉ, टॉम स्ट्रैकर, विल सदरलैंड और कैलम विडलर।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article