क्रिकेट

विराट से सीखा और इंडिया ए के खिलाफ जीत में बन गए ऑस्ट्रेलिया के हीरो, खुद मैकस्वीनी ने किया खुलासा

ऑस्ट्रेलिया ए के बल्लेबाज नाथन मैकस्वीनी ने अपने शानदार प्रदर्शन का श्रेय विराट कोहली को दिया। उन्होंने बताया कि इंडिया ए के खिलाफ उतरने से पहले कैसे विराट के वीडियो ने उनके खेल में सुधार कराया।

Image

विराट कोहली और नाथन मैक्स्वीनी (साभार-x)

इंडिया ए की टीम भले ही खुद को क्लीन स्वीप से बचाने में कामयाब हो गई है, लेकिन सीरीज ऑस्ट्रेलिया के नाम रहा। तीसरे और आखिरी मुकाबले में इंडिया ए ने ऑस्ट्रेलिया ए को 49 रन से हरा दिया। इस जीत के बावजूद इंडिया ए के 1-2 से सीरीज गंवाना पड़ा। इस सीरीज में बल्ले और गेंद से धमाल मचाने वाले ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर नाथन मैकस्वीनी को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। अब मैकस्वीनी ने खुद इस सफलता का राज खोला है। उन्होंने कहा कि विराट कोहली के वीडियो देखकर स्पिन गेंदबाजी खेलने के तरीके सीखने से उन्हें भारत ’ए’ के खिलाफ वनडे शृंखला में अच्छा प्रदर्शन करने में मदद मिली।

प्लेयर ऑफ द सीरीज बने मैकस्वीनी

मैकस्वीनी ने तीन मैचों में 299 रन बनाए और दो विकेट भी चटकाया। उन्हें शृंखला का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। उन्होंने यूट्यूब पर कोहली के बल्लेबाजी करने के वीडियो देखकर यह जानने की कोशिश की कि वह स्पिन गेंदबाजों का सामना किस तरह करते हैं। भारत ’ए’ के रविवार को शृंखला का तीसरा मैच 49 रन से जीता लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने शुरूआती दो मैच जीतकर पहले ही इसे अपने नाम कर लिया था।

स्पिन गेंदबाजी के लिए की खास मेहनत

मैकस्वीनी ने तीसरे वनडे के बाद कहा, ’’एक ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी के तौर पर भारत आना हो, तो यहां स्पिन गेंदबाजी पर विशेष ध्यान देना पड़ता है। ऐसे में आप कड़ी मेहनत करते हैं और भारतीय दिग्गज खिलाड़ियों को स्पिन के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए देखते हैं, ताकि उनसे सीख सकें।’’

यूट्यूब पर देखा विराट का वीडियो

इस 27 साल के बल्लेबाज ने कहा, ’’मैंने यूट्यूब पर विराट कोहली के वीडियो देखकर यह समझने की कोशिश की कि वह स्पिन का सामना कैसे करते हैं। इसके अलावा स्टीव स्मिथ और उन दूसरे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को भी देखा, जिन्होंने भारत आकर अच्छा प्रदर्शन किया है। विश्लेषकों से काफी जानकारी और आंकड़े भी मिले। खुशी है कि मैं इन जानकारियों को मैदान पर अपने खेल में उतारने और उन पर अमल करने में सफल रहा।’’ मैकस्वीनी ने भारत में शृंखला जीतने को बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि यहां की परिस्थितियों में खुद को ढालने और क्रीज पर समय बिताने का मौका मिलना सुखद रहा।

उन्होंने कहा, ’’ नयी परिस्थितियों में आकर कुछ समय क्रीज पर बिताना हमेशा अच्छा होता है। किसी भी अंतरराष्ट्रीय टीम के लिए भारत में शृंखला जीतना आसान नहीं है। यहां आकर मजबूत प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ क्रिकेट खेलना बेहद चुनौतीपूर्ण होता है। इसलिए हमारी टीम के खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया और शृंखला जीतना सुखद अनुभव रहा।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article