क्रिकेट

टीम इंडिया के कोचिंग स्टाफ में नई एंट्री, अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट से पहले बड़ा फैसला

India New Coach: भारतीय टीम के कोचिंग स्टाफ में नई एंट्री हुई है। अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट से पहले साईराज बहुतुले को स्पिन गेंदबाजी कोच बनाया गया है। उन्हें यह जिम्मेदारी ऑल फॉर्मेट के लिए दी गई है।

Image

साईराज बहुतुले (साभार-x)

India New Coach: अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जाने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से पहले भारतीय टीम के कोचिंग स्टाफ में एक नए नाम की एंट्री हुई है। दरअसल साईराज बहुतुले को इस सीरीज से पहले टीम इंडिया का स्पिन गेंदबाजी कोच नियुक्त किया गया है। ईएसपीएनक्रिकइंफो के अनुसार, पूर्व भारतीय लेग-स्पिनर साईराज बहुतुले को यह जिम्मेदारी सौंप दी गई है। अफगानिस्तान के खिलाफ भारत का यह एकमात्र टेस्ट न्यू चंडीगढ़ में 6 से 10 जून के बीच खेला जाएगा। यह फैसला एशियाई दिग्गज टीम को अपने घरेलू मैदान पर मुश्किल दौर का सामना करना करने के बाद लिया गया। भारत ने अपनी पिछली तीन टेस्ट सीरीज में से दो में हार का सामना किया है, जिसमें 2024 में न्यूजीलैंड से 3-0 की हार और 2025 में दक्षिण अफ्रीका से 2-0 की हार शामिल है। इसके पीछे एक बड़ी वजह स्पिन गेंदबाजों को ठीक से ना खेल पाना रहा।

53 साल के बहुतुले ऑल फॉर्मेट में भारत के स्पिन विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे। बहुतुले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के स्पिन-गेंदबाजी कोच के रूप में काम करने के बाद भारतीय टीम में शामिल हुए हैं। इससे पहले वो 2018 और 2021 के बीच राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के साथ काम कर रहे थे। बहुतुले ने एनसीए में अपनी सेवाएं दी है, जहां उन्होंने इंडिया ए टीम के साथ काम किया।

खिलाड़ी के तौर पर, उन्होंने 1997 से 2003 के बीच भारत के लिए दो टेस्ट मैच और आठ वनडे मैच खेले और उसमें क्रमश: 3 और दो विकेट चटकाए हैं।। इस लेग स्पिनर ने 188 प्रथम श्रेणी मैचों में 630 विकेट और 143 ए सूची मैचों में 197 विकेट झटके हैं। अपनी नई भूमिका में, बहुतुले मुख्य कोच गौतम गंभीर, बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक, तेज गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल, फील्डिंग कोच टी दिलीप और सहायक कोच रयान टेन डोएशे के साथ काम करेंगे। मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप सत्र में भारत फिलहाल नौ मैचों में चार जीत, चार हार और एक ड्रॉ के साथ छठे स्थान पर है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article