RR vs PBKS Flashback: आईपीएल 2023 में जीत के साथ शुरुआत करने वाली राजस्थान और पंजाब किंग्स की टीम अपने दूसरे मुकाबले में बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम गुवाहाटी में उतरेगी, जो इस सीजन राजस्थान का घरेलू मैदान है। पहले मुकाबले में जहां पंजाब किंग्स ने केकेआर को हराया था तो वहीं राजस्थान की टीम ने एकतरफा तरीके से हैराबाद को धूल चटाई थी। राजस्थान ने हैदराबाद को 72 रन के अंतर से हराया था। राजस्थान की तरफ से 3 बल्लेबाजों ने अर्धशतकीय पारी खेली थी। गेंदबाजी में युजवेंद्र चहल ने 4 विकेट झटके थे।
राजस्थान का पलड़ा है भारी-
राजस्थान रॉयल्स और पंजाब के बीच होने वाले इस मुकाबले में राजस्थान का पलड़ा भारी है। पिछली बार जब दोनों टीम आपस में भिड़ी थी तो फैंस को खूब चौके-छक्के देखने को मिले थे। उस मैच में राजस्थान ने पंजाब को 6 विकेट से हराया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब की टीम ने जॉनी बेयरस्टो के 56 और जितेश शर्मा के 38 रन की पारी के दम पर 5 विकेट के नुकसान पर 189 रन बनाए थे। जिसके जवाब में राजस्थान की टीम ने 2 गेंद पहले केवल 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया था।
राजस्थान की विस्फोटक बल्लेबाजी
राजस्थान की जीत के हीरो रहे थे यशस्वी जायसवाल जिन्होंने 41 गेंद पर 68 रन की पारी खेली थी। जायसवाल के अलावा जोस बटलर ने 16 गेंद पर 30, शिमरॉन हेटमायर ने 31 रन की विस्फोटक पारी खेल राजस्थान को आसान जीत दिला दी थी। पिछले सीजन में दोनों टीम के प्रदर्शन की बात करें तो जहां राजस्थान की टीम संजू सैमसन के नेतृत्व में रनर-अप रही थी वहीं पंजाब की टीम ने 14 अंकों के साथ छठे स्थान पर फिनिश किया था। पंजाब ने 14 में से 7 मुकाबले में जीत दर्ज की थी जबकि 7 में उसे हार का सामना करना पड़ा था।
