इंदौर: भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच से पहले करारा झटका लगा। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह पीठ दर्द की समस्या के कारण तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच से बाहर हो गए हैं। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनने के बाद अर्शदीप सिंह के बाहर होने के बारे में खुलासा किया।
रोहित शर्मा ने कहा, 'अर्शदीप सिंह पीठ दर्द की समस्या के कारण मैच से बाहर हो गए हैं। कुछ गंभीर नहीं है, बस सावधानी बरतने के लिए ऐसा कदम उठाया गया है।' पता हो कि भारतीय टीम को सोमवार को तगड़ा झटका लगा जब तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पीठ में स्ट्रेस रिएक्शन के कारण आगामी टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हुए।
बहरहाल, इंदौर में जारी तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच के बारे में बात करें तो टीम इंडिया ने अपनी प्लेइंग 11 में तीन बदलाव किए हैं। केएल राहुल और विराट कोहली को आराम दिया गया है। श्रेयस अय्यर, मोहम्मद सिराज और उमेश यादव को प्लेइंग 11 में जगह दी गई है।
वहीं अर्शदीप सिंह की बात करें तो उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज के लिए आराम दिया गया था। तब वह एनसीए में कंडीशनिंग काम के लिए गए हुए थे। ऐसे ही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मौजूदा सीरीज में हार्दिक पांड्या और भुवनेश्वर कुमार नहीं खेल रहे हैं क्योंकि ये दोनों एनसीए में हैं।
पता हो कि भारतीय टीम ने पहले ही तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली है। टीम इंडिया ने तिरुवनंतपुरम में खेले गए पहले टी20 में 8 विकेट से जीत दर्ज की थी। इसके बाद गुवाहाटी में खेले गए मुकाबले में भारत ने 16 रन से जीत दर्ज की। भारत ने पहली बार घरेलू जमीन पर दक्षिण अफ्रीका को टी20 इंटरनेशनल सीरीज में पटखनी दी।
