मुंबई रणजी टीम के कप्तान सिद्धेश लाड ने बताया कि यशस्वी जायसवाल अपनी विकेटकीपिंग स्किल्स पर काम कर रहे हैं। उनका लंबे समय का मकसद मुंबई या भारतीय नेशनल टीम के लिए विकेटकीपिंग करना हो सकता है।
हालांकि, लाड ने साफ किया कि उन्हें जायसवाल के प्लान के बारे में कोई पक्की जानकारी नहीं है। बुधवार को जायसवाल ने सोशल मीडिया पर एक रील शेयर की, जिसमें मुंबई टीम के मैच सिमुलेशन सेशन की झलकियां थीं। इसमें बैटर को विकेटकीपिंग ग्लव्स पहने हुए भी दिखाया गया था।
क्रिकइन्फो के मुताबिक, प्री-सीजन प्रेस कॉन्फ्रेंस में लाड ने कहा, "मुझे लगता है कि यशस्वी विकेटकीपिंग शुरू करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। मैंने उनसे यही सुना है। वह भविष्य में मुंबई या शायद भारतीय टीम के लिए विकेटकीपिंग करना चाहते हैं। मुझे लगता है कि उनका यही मकसद है। लेकिन मुझे इस बारे में कोई पक्की जानकारी नहीं है।"
हालांकि, यशस्वी जायसवाल ने भारतीय क्रिकेट टीम के टेस्ट सेटअप में अपनी जगह बना ली है, लेकिन वनडे टीम में वो रोहित शर्मा, शुभमन गिल और विराट कोहली से पीछे हैं और अभी भी T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टीम में जगह बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
सबसे छोटे फॉर्मेट (टी20 क्रिकेट) में उनकी राह और मुश्किल हो गई है, क्योंकि राजस्थान रॉयल्स में उनके ओपनिंग पार्टनर वैभव सूर्यवंशी भी सिलेक्शन की लिस्ट में उनसे आगे निकल गए हैं।
शायद इसी वजह से जायसवाल अपने खेल का एक और पहलू विकसित करने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, अंडर-19 लेवल से आगे बढ़ने के बाद से उनकी पार्ट-टाइम लेग-स्पिन बॉलिंग बहुत कम ही देखने को मिली है।
गौरतलब है कि शुरुआती दिनों में यशस्वी जायसवाल बल्लेबाजी के साथ-साथ विकेटकीपिंग भी किया करते थे। वहीं, विकेटकीपिंग जब नहीं मिली तो उन्होंने गेंदबाजी में भी हाथ आजमाना शुरू किया। देखना दिलचस्प होगा कि क्या आगे कभी वो विकेटकीपर की भूमिका में नजर आ पाते हैं।
