ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित एस डिविनो (Ace Divino) सोसाइटी से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। शुक्रवार सुबह एक इमारत की 12वीं मंजिल से गिरकर 36 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना बिसरख पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक की पहचान अनिल कुमार (36 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों और पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, अनिल पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और डिप्रेशन से जूझ रहा था।
रिश्तेदार के घर आया था अनिल
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, अनिल कुमार मूल रूप से मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर गांव का रहने वाला था। वह एक निजी कंपनी में कार्यरत था और वर्तमान में अपने परिवार (पत्नी और एक बेटी) के साथ नोएडा के सेक्टर-121 में रह रहा था। अनिल की बिगड़ती मानसिक स्थिति को देखते हुए उसके रिश्तेदार उसे देखभाल के लिए ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एस डिविनो सोसाइटी स्थित अपने फ्लैट पर ले आए थे।
सुबह टहलने निकले थे रिश्तेदार, तभी घटी घटना
शुक्रवार सुबह जब अनिल के रिश्तेदार सोसाइटी परिसर में टहलने के लिए बाहर निकले हुए थे, उसी दौरान वह 12वीं मंजिल से नीचे गिर गया। नीचे तेज आवाज सुनकर दौड़े सोसाइटी के सुरक्षा गार्डों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम (Dial-112) को सूचना दी। सूचना मिलते ही पीआरवी-112 और थाना बिसरख पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक अनिल की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बता दें कि अभी कुछ दिनों पहले ही एक ऐसी ही घटना नोएडा की सुपरनोवा इमारत से आई थी। सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा इमारत की 43वीं मंजिल से कूदकर 28 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर संभव जैन ने भी आत्महत्या कर ली थी। मानेसर (गुरुग्राम) का रहने वाला संभव जैन भी गंभीर मानसिक तनाव से जूझ रहा था।
